सरकार में वित्तीय अनुशासन का अभाव : गणेश राई

गंगटोक : सिटिजन एक्शन पार्टी-सिक्किम (सीएपी-सिक्किम) के महासचिव जिग्मी डी भूटिया ने बताया कि तुमिन-लिंगी विधानसभा क्षेत्र के अपर सामदोंग में पार्टी की क्षेत्रीय समन्वय बैठक पार्टी अध्यक्ष गणेश राई की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, राजनीतिक रणनीति और क्षेत्र में पार्टी को मजबूत बनाने पर चर्चा की गई।

इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों को छोड़कर कई परिवारों ने सिटिजन एक्शन पार्टी की सदस्यता ग्रहण की तथा तीन वार्डों में यूनिट बेस कमेटी का गठन किया गया। बैठक की शुरुआत आरके कटुवाल के स्वागत भाषण से हुई। इसके बाद पार्टी की विचारधारा और फर्स्ट प्रिंसिपल थिंकिंग पर आधारित राजनीति की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान राज्य सरकार की नीतियां सिक्किम के भविष्य के लिए चुनौती बनती जा रही हैं। उनका कहना था कि राज्य के हितों की रक्षा और विकास की दिशा में सिटिजन एक्शन पार्टी ही प्रभावी नेतृत्व प्रदान कर सकती है।

बैठक के दौरान तुमिन-लिंगी विधानसभा क्षेत्र के सात परिवारों तथा सिंगताम-खाम्दोंग क्षेत्र के चार परिवारों ने अन्य राजनीतिक दलों का साथ छोड़कर सिटिजन एक्शन पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी अध्यक्ष गणेश राई ने सभी नए सदस्यों का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उन्हें सुधारवादी राजनीति से जुड़ने पर बधाई दी। इसके बाद तुमिन-लिंगी विधानसभा क्षेत्र के तीन वार्डों में यूनिट बेस कमेटी (यूबीसी) का गठन किया गया, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में गणेश राई ने आरोप लगाया कि वर्तमान राज्य सरकार में वित्तीय अनुशासन का अभाव है, जिससे राज्य का वर्तमान और भविष्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ रहा है, जबकि आर्थिक लाभ केवल सत्ता के करीब रहने वाले कुछ लोगों तक सीमित है। उन्होंने आम जनता पर बढ़ते करों का बोझ, कमजोर होती अर्थव्यवस्था और बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर भी चिंता जताई। उन्होंने सिक्किम के आर्थिक और सामाजिक पुनर्निर्माण के लिए राज्यवासियों से सिटिजन एक्शन पार्टी का समर्थन करने की अपील की। बैठक को पेमा ग्याल्पो भूटिया, ओंगदेन छिरिंग लेप्चा, ललित गुरूंग, बिरबल तमांग तथा सोमबहादुर राई सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन राजन घिमिरे ने किया।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics