स्वस्थ जीवन और नशामुक्ति का संदेश लेकर स्कूल पहुंचा आयुष विभाग

गंगटोक : सिक्किम सरकार के आयुष विभाग द्वारा राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत संचालित 10 शैय्या  वाले आयुष अस्पताल (सोचेगांग) की ओर से मंगलवार को देवराली स्थित सीनियर सेकेंडरी गर्ल्स स्कूल में आयुर्विद्या स्कूल हेल्थ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली छात्राओं में आयुष के सिद्धांतों पर आधारित स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना था। इसके तहत दैनिक दिनचर्या, ऋतुचर्या, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य, शारीरिक फिटनेस, तनाव प्रबंधन तथा रोगों की रोकथाम जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही छात्राओं को कम उम्र से ही स्वस्थ आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि उनका समग्र शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर आयोजित जागरुकता सत्र में आयुर्वेद, योग, सोवा रिग्पा, होम्योपैथी सहित विभिन्न आयुष पद्धतियों के महत्व पर प्रकाश डाला गया। छात्राओं को आयुष शिक्षा एवं इस क्षेत्र में उपलब्ध करियर की संभावनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई तथा उन्हें भविष्य में आयुष क्षेत्र को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में भारत सरकार के नशा मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों को भी शामिल करते हुए छात्राओं को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, आत्मविश्वास विकसित करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अलावा योग 365 अभियान के तहत छात्राओं को प्रतिदिन योग एवं ध्यान को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

विशेषज्ञों ने तनाव कम करने तथा मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए योग एवं विश्राम संबंधी व्यावहारिक तकनीकों का प्रदर्शन भी किया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य संबंधी प्रमुख संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयुष विभाग की सूचना, शिक्षा एवं संचार सामग्री का वितरण किया गया। छात्राओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें विजेता प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय की कुल 230 छात्राओं ने भाग लिया। आयुष विभाग ने कहा कि राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत संचालित आयुर्विद्या स्कूल हेल्थ कार्यक्रम के माध्यम से स्कूली बच्चों में निवारक स्वास्थ्य सेवाओं, स्वस्थ जीवनशैली और समग्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा। साथ ही यह पहल योग, स्वास्थ्य संवर्धन और नशामुक्त समाज जैसे राष्ट्रीय अभियानों को भी मजबूती प्रदान करेगी।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics