नई दिल्ली । 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की होने वाली रैली से पहले सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। ‘दिल्ली चलो’ रैली का समय जैसे-जैसे करीब आ रहा है कांग्रेस का सरकार पर हमला तेज हो रहा है। इस रैली से पहले शुक्रवार लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि गृह मंत्री अमित शाह लोगों को 1 नवंबर को रामलीला मैदान आने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं। साथ ही राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि जो समर्थक (चाहे वे राजनीतिक हों या गैर-राजनीतिक) मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलन में शामिल होने आ रहे हैं उन्हें रोका जा रहा है। वहीं रैली से पहले विपक्ष ने खराब मौसम के कारण जन महाभियोग कार्यक्रम कल तक के लिए स्थगित कर दिया है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि गृह मंत्री अमित शाह यह सुनिश्चित करने में लगे हैं कि यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, तेलंगाना और देश के अन्य राज्यों से आने वाले हमारी पार्टी के सदस्यों और आम लोगों को रोका जाए। राहुल गांधी ने कहा कि अमित शाह अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रहे हैं। नेता विपक्ष ने दावा किया कि वोटर लिस्ट से नाम हटाए जाने के कारण लोगों में काफी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति अपना विरोध जताना चाहता है, वह रामलीला मैदान में विपक्ष के मार्च और रैली में शामिल हो सकता है।
दिल्ली में कल से हो रही बारिश और खराब मौसम के कारण इंडिया गठबंधन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शुक्रवार को प्रस्तावित सांकेतिक जन महाभियोग कार्यक्रम कल तक के लिए स्थगित कर दिया। राहुल गांधी ने संवाददाताओं से कहा कि बारिश और खराब मौसम को देखते हुए कार्यक्रम को एक दिन के लिए स्थगित किया गया है। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण आज के कार्यक्रम को कल तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। कई वरिष्ठ लोगों को इस मौसम में दिक्कत हो सकती थी।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया गठबंधन की रैली के लिए तैयारियां तेज कर दी गईं। रविवार को रैली सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित होगी। रैली को लेकर एक ओर जहां कांग्रेस ने दावा किया है कि इसमें करीब 10 लाख लोग शामिल होंगे। वहीं, दिल्ली पुलिस के अनुसार, लगभग 50 हजार लोगों के जुटने की संभावना है। सुरक्षा और भीड़ को संभालने के लिए 3,500 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। कांग्रेस अलग-अलग राज्यों से कार्यकर्ताओं को जुटाने की तैयारी कर रही है।
No Comments: