विपक्ष में न एकता, न संगठन चलाने की क्षमता : संबित पात्रा

नई दिल्ली । दिल्ली में एक नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया गठबंधन की रैली को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने रैली को लेकर झूठे दावे किए हैं। पात्रा ने कहा कि विपक्षी दलों में न तो एकजुटता है और न ही संगठनात्मक क्षमता। शायद इसी वजह से उन्हें अपनी मॉक पार्लियामेंट भी टालनी पड़ी।

संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी और कुछ विपक्षी नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एक नवंबर की रामलीला मैदान रैली को लेकर गलत बातें कहीं। उन्होंने राहुल गांधी के मॉक पार्लियामेंट वाले बयान पर भी सवाल उठाए।

भाजपा सांसद ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने भी एमएलसी चुनाव और विपक्षी एकता को लेकर अपनी बात रखी है। इससे विपक्षी दलों के बीच तालमेल की कमी दिखाई देती है। पात्रा ने तंज कसते हुए कहा कि विपक्षी दलों में एकता और संगठन चलाने की क्षमता नहीं है। शायद यही वजह है कि उन्हें मॉक पार्लियामेंट का कार्यक्रम टालना पड़ा। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल वैसे भी लोकतंत्र का मजाक उड़ा रहे हैं।

रामलीला मैदान रैली में लोगों के पहुंचने से रोकने के आरोपों पर भी संबित पात्रा ने राहुल गांधी को घेरा। राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि गृह मंत्री और सरकार की ओर से बाहर से आने वाले लोगों को रोका जा रहा है और उन्हें रामलीला मैदान तक नहीं पहुंचने दिया जा रहा। इस पर पात्रा ने सवाल किया कि अगर विपक्ष के पास लोगों को रोकने या सड़कें बंद किए जाने के सबूत थे, तो प्रेस कॉन्फ्रेंस में वीडियो क्यों नहीं दिखाए गए?

उन्होंने दावा किया कि विपक्षी दल वैसी तैयारियां नहीं कर पाए, जैसी उन्होंने सोची थीं। इसी वजह से लोगों को रामलीला मैदान पहुंचने से रोकने की कहानी गढ़ी जा रही है।

दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को इंडिया गठबंधन की रैली प्रस्तावित है। इस रैली को लेकर भाजपा और विपक्षी दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। जहां राहुल गांधी ने लोगों को रैली में पहुंचने से रोकने का आरोप लगाया है, वहीं संबित पात्रा ने इन दावों पर सवाल उठाते हुए विपक्ष की तैयारियों और एकजुटता पर निशाना साधा है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics