यांगगांग : सिक्किम के नामची जिले के यांगगांग में आयोजित तीन दिवसीय ‘ब्लूमिंग यांगगांग 2026’ महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को विभिन्न कार्यक्रमों के साथ पुष्पोत्पादन, स्थानीय उद्यमिता और पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। सिक्किम सरकार के वन एवं पर्यावरण विभाग के मंत्री पिंछो नामग्याल लेप्चा (Pintso Namgyal Lepcha) ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में भाग लिया।
Yangang पर्यटन विकास समिति (वाईटीडीसी) की ओर से आयोजित महोत्सव का दूसरा संस्करण 29 से 31 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य क्षेत्र में पुष्पोत्पादन को प्रोत्साहित करने, स्थानीय उद्यमियों को मंच प्रदान करने, पर्यटन को बढ़ावा देने और क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सामने लाना है।
कार्यक्रम में सिक्किम विधानसभा की क्षेत्रीय विधायक सह उपाध्यक्ष राजकुमारी थापा, उनके पति एमबी गुरुंग, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव बिकास बस्नेत, मुख्यमंत्री के ओएसडी कर्मा सुब्बा, खाद्य प्रसंस्करण विभाग के सलाहकार सीएल गुरुंगग, एसबीएस के प्रबंध निदेशक फुर्बा वांग्दी भूटिया और समग्र शिक्षा के निदेशक एडी छेत्री सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, वन प्रभागों के अधिकारी, वन रेंज अधिकारी, जिला एवं ग्राम पंचायत सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता, एसकेएम पार्टी के कार्यकर्ता, वाईटीडीसी के सदस्य और स्थानीय लोग उपस्थित थे।
महोत्सव के दूसरे दिन फूल उत्पादकों, किसानों, उद्यमियों, कारीगरों और आगंतुकों की भागीदारी देखने को मिली। यहां 51 से अधिक प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए, जिनमें विभिन्न प्रकार के फूलों और पुष्पोत्पादन से जुड़े उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। इन स्टॉलों के माध्यम से स्थानीय उत्पादकों और उद्यमियों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने, विचारों का आदान-प्रदान करने और पुष्पोत्पादन तथा इससे जुड़े अन्य क्षेत्रों में संभावनाएं तलाशने का अवसर मिला। यह महोत्सव नामची जिला स्तर पर यांगगांग पर्यटन विकास समिति की ओर से सिक्किम सरकार के कृषि एवं बागवानी विकास विभाग और खाद्य प्रसंस्करण विभाग के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
महोत्सव का उद्देश्य यांगगांग को एक उभरते पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने के साथ ही कृषि, पुष्पोत्पादन, स्थानीय व्यवसाय और सांस्कृतिक पर्यटन के माध्यम से टिकाऊ आजीविका के अवसर पैदा करना है। इसके जरिए क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, स्थानीय परंपराओं और उद्यमशीलता की संभावनाओं को भी सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।
महोत्सव में मंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की भागीदारी ने पर्यटन एवं आर्थिक विकास को जमीनी स्तर पर आगे बढ़ाने में सरकार, स्थानीय संस्थाओं और समुदायों के बीच सहयोग के महत्व को रेखांकित किया। तीन दिवसीय महोत्सव का समापन 31 अक्टूबर को होगा।
No Comments: