बनास डेयरी ने देश में सहकारी आंदोलन को नई ताकत दी : पीएम मोदी

अहमदाबाद । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को गुजरात के दो दिन के दौरे पर पहुंचे। अपने दौरे के पहले दिन प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से राज्य को 14000 हजार करोड़ की सौगात दी। विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने के बाद पीएम मोदी ने एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और विपक्ष पर किसानों को धोखा देने का आरोप लगाया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेता प्रतिपक्ष आलू से सोना बनाने वाले बयान पर चुटकी ली और कहा कि अब कोई ऐसा नहीं कर सकता।

प्रधानमंत्री मोदी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि आज बनासकांठा के आलू दुनिया भर में मशहूर हैं। और कोई भी बनासकांठा के किसी व्यक्ति के पास आकर यह दावा करने की हिम्मत नहीं करेगा कि वह आलू को सोने में बदल सकता है। क्योंकि वे खुद ही ऐसा कर रहे हैं! यहां हमारे पास ‘बनास डेयरी’ जैसा एक सहकारी ब्रांड है, जो सहकारी आंदोलन को न केवल यहां, बल्कि काशी सहित देश के अन्य हिस्सों में भी आगे बढ़ा रहा है। मैं बनास डेयरी का विशेष रूप से आभारी हूं क्योंकि मेरी काशी को भी आपके अनुभव और आपकी सेवाओं से लाभ मिल रहा है।

पीएम मोदी ने फल और सब्जियां उगाने वाले किसानों के लिए क्लस्टर विकास कार्यक्रम का भी जिक्र किया। इसके तहत टमाटर, आलू, मिर्च, अंगूर, केला, प्याज, संतरा, अनार और कोको जैसी फसलों के लिए 12 क्लस्टरों को मंजूरी दी गई है। इस योजना का मकसद किसानों को खेती के आधुनिक तरीके अपनाने और उत्पादन बढ़ाने में मदद करना है। इसके तहत किसान नए बाग लगा सकेंगे और पुराने बागों को भी दोबारा बेहतर बना सकेंगे। परियोजना के लिए सब्सिडी देने की व्यवस्था भी की गई है।

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि उत्तर गुजरात के लिए दो क्लस्टर मंजूर किए गए हैं। इनका सीधा फायदा बनासकांठा और साबरकांठा के आलू किसानों को मिलने की उम्मीद है। इससे किसानों को उत्पादन के साथ-साथ खेती से जुड़े दूसरे कामों में भी मदद मिलेगी। बेहतर सुविधाएं मिलने पर किसान अपनी फसल की गुणवत्ता सुधार सकेंगे और बाजार की जरूरत के हिसाब से उत्पादन कर पाएंगे।

पीएम मोदी ने बनास डेयरी की तारीफ करते हुए कहा कि उसने सहकारी आंदोलन को गुजरात से बाहर भी आगे बढ़ाया है। काशी सहित देश के दूसरे हिस्सों को भी इसके अनुभव और सेवाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों और पशुपालकों को साथ लेकर चलने वाला यह मॉडल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में मददगार है। मोदी ने कहा कि गुजरात का विकास देश के विकास में योगदान देता है और लोगों की सेवा ही राष्ट्र की सेवा है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics