संन्यास नहीं लूंगा, मोकामा से फिर लड़ूंगा चुनाव : अनंत सिंह

पटना । सुप्रीम कोर्ट से जमानत रद्द होने के बाद मोकामा के विधायक अनंत सिंह एक बार फिर से पत्रकारों के सामने आए। उन्होंने अपने पुराने बयान से यू-टर्न ले लिया। साफ कर दिया है कि मेरे साथ खेला हुआ इसलिए अब मैं संन्यास नहीं लूंगा। आगे भी मोकामा से चुनाव लड़ूंगा। उनसे जब पूछा गया कि क्या अब उनके बेटे मोकामा से चुनाव लड़ेंगे तो उन्होंने कहा कि अगर इसी तरह का खेल चलता रहा तो आगे भी वे खुद ही चुनाव मैदान में उतरेंगे। उन्होंने बताया कि पहले उनकी इच्छा थी कि बेटा राजनीति में आए और मोकामा से चुनाव लड़े, लेकिन अब इस पर अब बाद में फैसला होगा।

बता दें कि जब नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद छोड़ा था तब अनंत सिंह ने राजनीति से संन्यास लेने की बात कही थी। उस वक्त कहा था कि 2030 के विधानसभा चुनाव में वह चुनाव नहीं लड़ेंगे। अब उनका बेटा राजनीति में आएगा। लेकिन, जदयू से निष्कासन के बाद उन्होंने फिर से चुनाव लड़ने की बात कही।

विधायक अनंत सिंह ने दुलारचंद यादव हत्याकांड में खुद को फंसाए जाने का आरोप लगाते हुए जदयू एमएलसी नीरज कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि दुलारचंद यादव की हत्या नीरज कुमार ने करवाई है। अनंत सिंह ने कहा कि उन्होंने पार्टी का विरोध नहीं किया था, बल्कि नीरज कुमार का विरोध किया था। उनके मुताबिक, उनके खिलाफ जितने भी मुकदमे दर्ज हुए, वे सभी नीरज कुमार ने करवाए। उन्होंने आरोप लगाया कि नीरज कुमार ने जो कहा, सरकार और पार्टी ने वही किया।

अनंत सिंह ने पार्टी के भविष्य पर टिप्पणी करते हुए कहा कि आने वाले समय में पार्टी के लिए अपना खाता खोलना भी मुश्किल हो जाएगा। बेटे के चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा थी कि बेटा चुनाव लड़े, लेकिन अब यह फैसला उसकी अपनी मर्जी पर निर्भर है। अंत में उन्होंने कहा कि उनके साथ जिसने भी जुल्म किया है, भगवान उसे इसका जवाब दिखाएगा।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics