मंगन : मतदाता सूची के जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मंगन जिला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनंत जैन ने सोमवार को अपने कार्यालय में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साप्ताहिक बैठक की।
बैठक में बताया गया कि दावे और आपत्तियों से संबंधित विवरण राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ पहले ही साझा किए जा चुके हैं। इसके साथ ही दावे एवं आपत्तियां दर्ज करने की प्रक्रिया तथा सुनवाई की कार्यप्रणाली के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मंगन जिले के सभी तीन विधानसभा क्षेत्रों में सुनवाई की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने दावे, आपत्तियों और सुनवाई से जुड़े विभिन्न मामलों को लेकर कई सवाल उठाए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी प्रश्नों का जवाब देते हुए संबंधित प्रक्रियाओं को स्पष्ट किया।
अनंत जैन ने मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी और सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए सभी संबंधित पक्षों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि सही और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में राजनीतिक दलों सहित सभी हितधारकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। बैठक में मंगन जिला निर्वाचन विभाग के संयुक्त सचिव कर्मा शेरपा भी उपस्थित रहे।
No Comments: