पाकिम : जिले में जारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत सोमवार को पश्चिम पेंडाम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रंगपो नगर पंचायत कार्यालय में कुल 112 मामलों की सुनवाई की गई। सुनवाई का संचालन निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) और अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (एएईआरओ) ने किया। यह प्रक्रिया उन मतदाताओं की पात्रता की जांच के लिए आयोजित की जा रही है, जिनके अभिलेखों में अतिरिक्त सत्यापन की आवश्यकता है।
जिला प्रशासन के अनुसार, निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में ईआरओ, एईआरओ और एएईआरओ द्वारा सुनवाई की जा रही है। सुनवाई में उपस्थित मतदाताओं को आवश्यकता के अनुसार स्वप्रमाणित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया है। इनमें जन्म प्रमाणपत्र, पासपोर्ट, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, स्थायी निवास प्रमाणपत्र, सरकारी पहचान पत्र, परिवार रजिस्टर, भूमि या आवास आवंटन प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, पेंशन संबंधी दस्तावेज तथा एसआईआर दिशा-निर्देशों में निर्धारित अन्य अभिलेख शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, पश्चिम पेंडाम विधानसभा क्षेत्र के लिए रंगपो की एसडीएम सुजाता सुब्बा को ईआरओ, दुगा बीडीओ चोपेल भूटिया को एईआरओ और शिक्षा उपनिदेशक सुभाष गिरी को अतिरिक्त एईआरओ नियुक्त किया गया है। इसी तरह, रेनॉक विधानसभा क्षेत्र में एडीसी (मुख्यालय) सबिंद्र राई ईआरओ, रेनॉक बीडीओ राम कुमार गुरुंग एईआरओ और पंचायती राज संस्थान के सहायक निदेशक मधुसूदन शर्मा अतिरिक्त एईआरओ हैं।
वहीं, चुछाचेन विधानसभा क्षेत्र के लिए रोंगली एसडीएम सुरेन कुमार प्रधान को ईआरओ, रेगु के बीडीओ अनिल गिरी को एईआरओ तथा शिक्षा उपनिदेशक हेम कल्याणी गुरुंग को अतिरिक्त एईआरओ बनाया गया है। नाथांग-माचोंग विधानसभा क्षेत्र में पाकिम एसडीएम एनके भंडारी ईआरओ, पारखा बीडीओ केवल शर्मा एईआरओ तथा सहायक आईटी निदेशक निर्णई राई अतिरिक्त एईआरओ के रूप में कार्य कर रहे हैं।
इसके अलावा, नामचेबुंग विधानसभा क्षेत्र के लिए एसडीएम (मुख्यालय) थेंदुप लेप्चा ईआरओ हैं। उनके साथ, नामचेबुंग के बीडीओ राजेश दहल और शहरी विकास एवं आवास विभाग के ड्राफ्टिंग अधिकारी विजय राई एईआरओ, जबकि आरओ एवं सहायक निदेशक प्रवेश दहल अतिरिक्त एईआरओ हैं। संघ विधानसभा क्षेत्र में पाकिम बीडीओ सांगे तमांग को एईआरओ नामित किया गया है। प्रशासन ने बताया कि अनमैप्ड और लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी श्रेणी के मतदाताओं की सुनवाई निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे भी जारी रहेगी।
No Comments: