बीजिंग । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीजिंग पहुंचते ही चीन ने वॉशिंगटन की जमकर आलोचना की है। चीन ने यह आलोचना ताइवान को अमेरिकी हथियारों की बिक्री को लेकर की है। उसने अमेरिका से अपने वादों का सम्मान करने को कहा है। चीन ने कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच होने वाली दो दिवसीय बैठकों के दौरान ताइवान निश्चित रूप से चर्चा का विषय होगा। चीन लोकतांत्रिक रूप से शासित ताइवान को अपना क्षेत्र मानता है और बलपूर्वक उस पर अधिकार की धमकी भी देता है। इसके अलावा वह ताइवान के साथ किसी भी देश के संबंधों का कड़ा विरोध भी करता है।
दिसंबर में, ट्रंप प्रशासन ने ताइवान के लिए 11 अरब डॉलर के हथियारों के पैकेज की घोषणा की थी, जो अब तक का सबसे बड़ा पैकेज था। इस पर चीन के ताइवान मामलों के कार्यालय की प्रवक्ता झांग हान ने कहा कि ताइवान एक आंतरिक मुद्दा है और यह चीनी लोगों का मामला है। उन्होंने बीजिंग में कहा, हम अमेरिका द्वारा चीन के ताइवान क्षेत्र के साथ किसी भी प्रकार के सैन्य संबंध बनाने का कड़ा विरोध करते हैं, और अमेरिका द्वारा चीन के ताइवान क्षेत्र को हथियार बेचने का भी कड़ा विरोध करते हैं। यह स्थिति सुसंगत और स्पष्ट है।
झांग ने आगे कहा कि ताइवान ‘चीन के मूल हितों का केंद्र’ है, और अमेरिका के पिछले प्रशासनों द्वारा किए गए वादों का सम्मान करना अंतरराष्ट्रीय दायित्व हैं जिन्हें पूरा करने के लिए अमेरिकी पक्ष कर्तव्यबद्ध है। वाशिंगटन की ‘एक चीन’ नीति के तहत अमेरिका आधिकारिक तौर पर ताइवान की संप्रभुता पर कोई रुख नहीं अपनाता है, लेकिन बीजिंग के इस रुख को स्वीकार किए बिना मानता है कि यह द्वीप चीन का है।
ट्रंप चीन की यात्रा पर ऐसे समय में जा रहे हैं जब ताइवान की विपक्षी-नियंत्रित संसद ने राष्ट्रपति लाई चिंग-ते द्वारा मांगे गए 40 अरब डॉलर के विशेष रक्षा बजट के केवल दो-तिहाई हिस्से को ही मंजूरी दी है। इस बजट का उपयोग अमेरिकी हथियारों की खरीद के लिए किया जाएगा, लेकिन ड्रोन जैसे घरेलू कार्यक्रमों में कटौती की गई है। एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने रविवार को कहा कि अमेरिका इस बात से निराश है कि रक्षा खर्च को जितनी राशि की मंजूरी मिली है, वह वाशिंगटन के अनुसार आवश्यक राशि से कम है।
ताइवान के एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने बताया है कि ताइपे के लिए सबसे बड़ा जोखिम यह है कि बीजिंग इस कम किए गए बजट का इस्तेमाल ट्रंप के साथ मोलभाव करने के लिए एक हथियार के तौर पर कर सकता है। अधिकारी ने आगे कहा, चीन यह तर्क दे सकता है कि ताइवान की विधायिका हथियारों की खरीद का विरोध करती है और अमेरिका को ताइवान के लोगों की इच्छा का सम्मान करना चाहिए – ताकि राष्ट्रपति ट्रंप को ताइवान के लिए रक्षा सहायता रोकने या कम करने के लिए मनाया जा सके।
No Comments: