भारतीय मुसलमानों के पूर्वज हिन्दू : दत्तात्रेय होसबाले

वाशिंगटन । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने भारतीय मुसलमानों को लेकर बड़ी बात कही है।  अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में जब उनसे मुस्लिम समुदाय के प्रति संघ के दृष्टिकोण पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने बहुत ही बेबाकी से अपनी बात रखी। होसबोले ने कहा कि भारत के 99.99 फीसदी मुसलमानों के पूर्वज हिन्दू ही थे और वे इसी देश की मिट्टी की संतान हैं।

Dattatreya Hosabale ने कहा कि केवल पूजा पद्धति बदल लेने से किसी व्यक्ति की राष्ट्रीयता या उसके पूर्वज नहीं बदल जाते। उन्होंने कहा, भारतीय मुसलमानों के पूर्वज भारतीय ही थे और वे हिन्दू थे। इसलिए, भारत के लगभग सभी मुसलमान हिन्दू मूल के ही वंशज हैं। हमारा यह मानना है कि वे हमारे समाज का अभिन्न अंग हैं। उन्होंने समझाया कि भले ही समय के साथ उनके धर्म या इबादत करने के तरीकों में बदलाव आया हो, लेकिन उनकी सभ्यता की जड़ें और उनकी राष्ट्रीय पहचान आज भी वही है जो सदियों पहले थी। संघ इसी विचार को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।

उन्होंने कहा कि कुछ विशेष प्रकार की चालबाजियों और राजनीतिक हितों के कारण समय-समय पर समुदायों के बीच तनाव पैदा हुए हैं। होसबाले का मानना है कि इन गलतफहमियों को दूर करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए मुस्लिम नेतृत्व के साथ एक निरंतर और व्यापक संवाद की आवश्यकता है।

आरएसएस के वरिष्ठ नेता ने जानकारी दी कि पिछले कुछ वर्षों से संघ ने इस दिशा में सक्रिय कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा, पिछले कुछ वर्षों में आरएसएस ने मुस्लिम समुदाय के प्रमुखों और बौद्धिक नेतृत्व के साथ संवाद की प्रक्रिया शुरू की है। इसका मुख्य उद्देश्य उन सभी शंकाओं और गलतफहमियों को दूर करना है, जो दशकों से किसी न किसी कारणवश बनी हुई थीं।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics