केरल सीएम पद पर कांग्रेस हाईकमान का फैसला आज, दौड़ में केसी वेणुगोपाल, वीडी सतीशन और रमेश चेन्निथला शामिल

नई दिल्ली । केरल में मुख्यमंत्री पद को लेकर जारी सस्पेंस अब गुरुवार को खत्म हो जाएगा। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता में मुताबिक नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा गुरुवार को की जाएगी। बुधवार शाम दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बीच हुई अंतिम दौर की बैठक के बाद यह फैसला लिया गया। केरल के तिरुवनंतपुरम में कल विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। इसके बाद नाम की घोषणा होगी।

करीब 40 मिनट चली बैठक के बाद कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने कहा कि केरल कांग्रेस विधायक दल के सदस्यों की ओर से पार्टी हाईकमान को निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया गया था और अब सभी चर्चाएं पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान गुरुवार को किया जाएगा।

हालांकि यह साफ नहीं हो पाया है कि जब हाईकमान नाम पर सहमति बना चुका है तो घोषणा को एक दिन के लिए क्यों टाला गया। मुख्यमंत्री पद की दौड़ में तीन प्रमुख नाम माने जा रहे हैं – के.सी. वेणुगोपाल, वी.डी. सतीशन और रमेश चेन्निथला।

सूत्रों के मुताबिक पार्टी नेतृत्व ने शनिवार को तीनों नेताओं से चर्चा की थी लेकिन तब फैसला नहीं हो पाया। इसके बाद राहुल गांधी ने पार्टी के कार्यकारी अध्यक्षों और केरल कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों से भी बातचीत की। बताया जा रहा है कि अधिकांश नेताओं और विधायकों ने केसी वेणुगोपाल के नाम का समर्थन किया है।

वहीं दूसरी ओर वरिष्ठ नेता एके एंटनी, के मुरलीधरन और वी एम सुरेंद्रन ने वीडी सतीशन के पक्ष में राय दी है। सतीशन को राज्य में जनसमर्थन मिलने का भी दावा किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार एंटनी ने केंद्रीय नेतृत्व से कहा कि राज्य में उपचुनाव की स्थिति से बचना बेहतर होगा। वेणुगोपाल फिलहाल लोकसभा सांसद हैं और उन्हें मुख्यमंत्री बनाए जाने की स्थिति में विधानसभा और लोकसभा दोनों सीटों पर उपचुनाव कराने पड़ेंगे।

इस बीच केरल के एर्नाकुलम जिले के अलुवा में वीडी सतीशन के आवास के बाहर उनके समर्थकों की बड़ी संख्या जुट गई थी। समर्थकों को उम्मीद थी कि बुधवार को ही उनके नाम की घोषणा हो जाएगी, लेकिन उनके सहयोगियों ने यह कहते हुए समर्थकों को वापस भेज दिया कि फैसला गुरुवार सुबह घोषित किया जाएगा।

उधर दोनों प्रमुख खेमों वेणुगोपाल और सतीशन में अपने-अपने नेता की दावेदारी को लेकर उत्साह बना हुआ है। वहीं रमेश चेन्निथला खेमे को उम्मीद है कि अगर बाकी दो नेताओं के बीच सहमति नहीं बनती है तो उन्हें फायदा मिल सकता है। वायनाड में कुछ जगहों पर ऐसे पोस्टर भी सामने आए हैं जिनमें राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ नाराजगी दिखाई गई। माना जा रहा है कि ये पोस्टर उन अटकलों के बीच लगाए गए जिनमें कहा जा रहा था कि गांधी परिवार केसी वेणुगोपाल के समर्थन में है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics