सिक्किम के युवा खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स में लहराया परचम, जीते पांच पदक

गंगटोक : बिहार की राजधानी पटना में आयोजित 37वीं पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में सिक्किम के युवा खिलाडि़यों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल पांच पदक अपने नाम किए। इनमें दो स्वर्ण और तीन कांस्य पदक शामिल हैं। इस उपलब्धि से राज्य के खेल जगत में खुशी का माहौल है।

यह प्रतियोगिता 22 से 24 सितंबर तक पटना के कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित की गई थी। सिक्किम एथलेटिक्स एसोसिएशन (एसएए) के तत्वावधान में प्रतियोगिता में भाग लेने वाले राज्य के खिलाडिय़ों ने पूर्वी क्षेत्र के विभिन्न राज्यों के प्रतिभागियों के बीच अंडर-20 वर्ग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

सिक्किम के फुर्बा हिस्से शेरपा ने प्रतियोगिता में दो पदक जीतकर विशेष उपलब्धि हासिल की। उन्होंने अंडर-20 पुरुष वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता, जबकि 3000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं, अंडर-20 महिला वर्ग की 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा में सबीना राई ने स्वर्ण पदक जीतकर सिक्किम को दूसरी बड़ी सफलता दिलाई। इसी स्पर्धा में आंचल राई ने कांस्य पदक हासिल किया। इसके अलावा, अंडर-20 महिला वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में सपना खनाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता।

सिक्किम एथलेटिक्स एसोसिएशन ने इस उपलब्धि पर सभी पदक विजेता खिलाडिय़ों, प्रशिक्षकों और टीम के अधिकारियों को बधाई दी है। एसोसिएशन ने राज्य में खेलों को निरंतर प्रोत्साहन और सहयोग देने के लिए मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग गोले के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही, प्रतियोगिता में सिक्किम की टीम की भागीदारी सुनिश्चित करने में सहयोग के लिए राज्य सरकार के खेल एवं युवा मामले विभाग की सचिव यांगचेन डी. तमांग का भी धन्यवाद किया। एसोसिएशन ने कहा कि युवा खिलाडि़यों का यह प्रदर्शन राज्य में एथलेटिक्स की बढ़ती संभावनाओं को दर्शाता है और आने वाली प्रतियोगिताओं के लिए अन्य खिलाडि़यों को भी प्रेरित करेगा।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics