रिम्बी के प्रभावित परिवारों को मिले सम्मानजनक पुनर्वास: सीएपी

गंगटोक : सिक्किम के रिम्बी क्षेत्र में भूस्खलन से प्रभावित परिवारों के प्रति Citizen Action Party (सीएपी) ने गहरी संवेदना और एकजुटता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार से तत्काल राहत, सुरक्षित पुनर्वास और उचित मुआवजे की मांग की है। पार्टी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण परिवारों का विस्थापन, जान-माल की क्षति और जनजीवन प्रभावित होना अत्यंत दुखद है। ऐसे कठिन समय में प्रभावित लोगों के जीवन, सुरक्षा और सम्मान की रक्षा करना सरकार तथा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

पार्टी के राज्यस्तरीय समन्वयक (प्रचार-प्रसार मामले) सोनाम ग्याछो लेप्चा की ओर से शुक्रवार को जारी बयान में कहा गया कि प्रभावित परिवारों को खाद्यान्न, स्वच्छ पेयजल, कपड़े, दवाइयां और अन्य आवश्यक सामग्री तत्काल उपलब्ध कराई जानी चाहिए। साथ ही, विस्थापित परिवारों के लिए सुरक्षित अस्थायी आश्रय की व्यवस्था के साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों में बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगों तथा अन्य जरूरतमंद लोगों को विशेष प्राथमिकता दी जाए।

पार्टी ने प्रभावित क्षेत्र का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर मकानों, सडक़ों, पेयजल व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, कृषि भूमि और अन्य बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान का विस्तृत आकलन करने की भी मांग की है। पारदर्शी सर्वेक्षण के आधार पर प्रभावित परिवारों की वास्तविक सूची तैयार कर राहत, मुआवजा और पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू करने पर जोर दिया गया है।

बयान में कहा गया कि घर गंवा चुके परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक स्थायी आवास उपलब्ध कराने और अत्यधिक जोखिम वाले क्षेत्रों के निवासियों को उनकी सहमति और आवश्यक परामर्श के आधार पर सुरक्षित स्थानों पर पुनर्स्थापित करने की भी जरुरत बतायी गई है। इसके साथ ही सीएपी ने कहा है कि प्रभावित परिवारों की आजीविका, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जीवन को सामान्य बनाने के लिए विशेष कार्यक्रम चलाए जाएं।

इसके अलावा, सीएपी ने रिम्बी सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में वैज्ञानिक भूगर्भीय अध्ययन कराने की आवश्यकता जताई है। पार्टी ने भूस्खलन नियंत्रण, मिट्टी संरक्षण, प्रभावी जल निकासी, वृक्षारोपण, नियमित निगरानी और पूर्व चेतावनी प्रणाली विकसित करने की मांग की। साथ ही, स्थानीय लोगों को आपदा प्रबंधन और आपातकालीन सुरक्षा का प्रशिक्षण देने तथा प्रशासन, तकनीकी संस्थाओं और स्थानीय समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।

पार्टी ने कहा कि मकान, जमीन, कृषि उत्पादन, पशुधन और अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान के लिए प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा तथा आर्थिक सहायता दी जानी चाहिए। जिन परिवारों की आजीविका प्रभावित हुई है, उनके लिए रोजगार और आय सृजन की विशेष योजनाएं शुरू की जाएं। साथ ही राहत एवं पुनर्वास के लिए आवंटित राशि, वितरण प्रक्रिया और लाभार्थियों का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की गई है। पार्टी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नागरिक संगठनों और प्रभावित समुदाय को पुनर्वास योजनाओं के निर्माण तथा क्रियान्वयन में शामिल करने पर जोर दिया।

सोनाम ग्याछो लेप्चा ने कहा कि सिटीजन एक्शन पार्टी-सिक्किम प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। पार्टी उनके सुरक्षित भविष्य, सम्मानजनक पुनर्वास और दीर्घकालीन सुरक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं और संबंधित विभागों से भी आपदा प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics