गंगटोक : राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में सिक्किम पर्यटन स्टॉल का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने समारोह का शुभारंभ भी किया। प्रधानमंत्री को सिक्किम के प्रमुख पर्यटन स्थलों, विशिष्ट यात्रा अनुभवों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान राज्य के पारंपरिक हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पादों पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित किया गया।
सिक्किम सरकार के पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पर्यटन स्टॉल पर राज्य की सांस्कृतिक समृद्धि, कलात्मक परंपराओं और स्थानीय शिल्पकारों की पारंपरिक कारीगरी को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही राज्य के विविध पर्यटन आकर्षणों और पर्यटन की व्यापक संभावनाओं को दर्शाने वाली पर्यटन पुस्तिकाएं भी प्रदर्शित की गई हैं।
इस दौरान सहायक निदेशक पेडेन भूटिया ने प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी ‘वोकल फॉर लोकल’ विजन को रेखांकित किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, पारंपरिक कारीगरी को संरक्षित करने और स्थानीय शिल्पकारों को अधिक व्यापक पहचान दिलाने के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला। उन्होंने मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के मार्गदर्शन में सिक्किम के पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार के संकल्प को भी व्यक्त किया।
इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंच पर सिक्किम पर्यटन की भागीदारी राज्य की विशिष्ट पहचान को प्रदर्शित करने, सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने और राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर अपनी उपस्थिति मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है। यह भागीदारी टिकाऊ पर्यटन, सांस्कृतिक संरक्षण और स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के प्रति सिक्किम सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है। यह कार्यक्रम एक से 15 नवंबर 2026 तक निर्धारित है।
इस दौरान देशभर से आने वाले आगंतुकों को सिक्किम की सांस्कृतिक विविधता और पर्यटन से जुड़ी विशेषताओं को जानने और अनुभव करने का अवसर मिलेगा। इस राष्ट्रीय मंच के माध्यम से सिक्किम ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। इसके तहत विविधता में एकता का उत्सव मनाते हुए राज्य की स्थानीय विरासत, पारंपरिक कारीगरी और पर्यटन की संभावनाओं को देशभर के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
No Comments: