ओवरस्पीडिंग और नशे में ड्राइविंग पर अंकुश लगाने की तैयारी

स्कूल के प्रवेश द्वार पर स्पीड ब्रेकर और राजमार्ग पर चेतावनी संकेतक लगाने के निर्देश

पाकिम : जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति (डीआरएससी) की बैठक आयोजित की गई। अतिरिक्त जिला कलेक्टर पुलकित की अध्यक्षता में उनके कार्यालय में आयोजित इस बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक छिरिंग शेरपा भी उपस्थित रहे।

बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा पिछली बैठकों में लिए गए निर्णयों के कार्यान्वयन की समीक्षा की गई। इस दौरान दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान, यातायात नियंत्रण, नियमों का प्रभावी अनुपालन, सड़क आधारभूत संरचना और राष्ट्रीय राजमार्गों सहित प्रमुख सड़कों पर सुरक्षा उपायों को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

समिति ने सड़कों पर दिशा-सूचक एवं चेतावनी संकेतक लगाने, निर्धारित गति सीमा को प्रभावी ढंग से लागू करने और सड़क चिह्नों को बेहतर बनाने की आवश्यकता पर भी विचार-विमर्श किया। अध्यक्ष ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर पेट्रोल पंप और सार्वजनिक शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाओं की जानकारी देने वाले पर्याप्त संकेतक लगाने के साथ-साथ तीखे मोड़ों और कम दृश्यता वाले संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी संकेतक सुनिश्चित करने पर बल दिया।

बैठक में वाहनों के आवश्यक दस्तावेज, प्रदूषण नियंत्रण, वाहन निरीक्षण प्रक्रिया और अधिकृत केंद्रों के कामकाज की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था, हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जन-जागरूकता, ट्रकों की आवाजाही का नियमन, सडक़ निगरानी कैमरों की कार्यशीलता, नशे में वाहन चलाने और अवैध पार्किंग जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।

सड़क सुरक्षा के साथ-साथ बैठक में सिक्किम इंस्पायर्स पहल के तहत पर्यटन को बढ़ावा देने और महिलाओं के लिए आजीविका के अवसर सृजित करने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया। समिति के सदस्यों ने वाहन खराब होने की स्थिति में सुरक्षा व्यवस्था तथा संवेदनशील सड़क मार्गों पर आवश्यक सुरक्षात्मक उपायों की जरूरत सहित विभिन्न चुनौतियों और अपने सुझावों को साझा किया।

बैठक के अंत में अध्यक्ष ने एनएचआईडीसीएल को रंगपो-रानीपुल राजमार्ग पर पर्याप्त दिशा-सूचक एवं चेतावनी संकेतक लगाने के निर्देश दिए। वहीं, विद्यार्थियों और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पाकयोंग स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल के प्रवेश द्वार पर स्पीड ब्रेकर लगाने का भी निर्देश दिया गया।

बैठक में समिति के सदस्य एवं सड़क एवं पुल विभाग के अधीक्षण अभियंता टीएन अधिकारी, पाकिम डिप्टी आरटीओ डीपी शर्मा, आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ कुलजन लामा तथा एमईओ संजू प्रधान सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics