लोकभवन में मनाई गई सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती

गंगटोक : राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आज लोकभवन सिक्किम परिसर में भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर सिक्किम के राज्यपाल दुष्यन्त गौतम की ओर से आयुक्त-सह-सचिव जितेंद्र सिंह राजे ने लोकभवन परिसर में स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में राजभवन सचिवालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। माल्यार्पण के पश्चात उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ ली।

इस अवसर पर आयुक्त-सह-सचिव ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता के महान शिल्पकार ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल जी को नमन करते हुए कहा कि भारत को एक सूत्र में पिरोने का उनका अतुल्य योगदान और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण, हम सभी को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

सरदार वल्लभभाई पटेल स्वतंत्र भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री थे। देश की 500 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका के कारण उन्हें ‘भारत का लौह पुरुष’ कहा जाता है। देश की अखंडता और संप्रभुता में उनके अतुलनीय योगदान के सम्मान में प्रतिवर्ष 31 अक्टूबर को उनकी जयंती ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाई जाती है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics