सोरेंग : सोरेंग-च्याखुंग विधानसभा स्थित छोटा सामदुंग उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का आठ दिवसीय स्वर्ण जयंती समारोह सोमवार से शुरू हुआ। समारोह का उद्घाटन विधानसभा अध्यक्ष एमएन शेरपा ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर विधायक एवं स्वर्ण जयंती समारोह समिति के प्रमुख संरक्षक आदित्य गोले, जिला पंचायत अध्यक्ष तिला देवी गुरुंग, अनुसूचित जनजाति कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पीके सुब्बा, कृषि एवं बागवानी बोर्ड के अध्यक्ष सीके राणा, क्षमता विकास बोर्ड की अध्यक्ष मिंगमा लमू शेर्पा सहित जिला एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित थे।
कार्यक्रम में स्वर्ण जयंती समारोह समिति के अध्यक्ष एवं विद्यालय के प्राचार्य प्रकाश निरौला, विभागीय अधिकारी, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, विद्यालय परिवार, विद्यालय निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने वाले दानदाता, विभिन्न संघ-संस्थाओं के प्रतिनिधि, विद्यार्थी एवं आम नागरिक भी मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एमएन शेरपा ने स्वर्ण जयंती के अवसर पर छोटा सामदुंग उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सिक्किम के विकास में छोटा सामदुंग विद्यालय का भी उल्लेखनीय योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार ने विद्यालय को मॉडल स्कूल घोषित किया है और यहां युद्धस्तर पर आधारभूत संरचना के निर्माण का कार्य चल रहा है। मॉडल स्कूल का निर्माण पूरा होने के बाद यह विद्यालय विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त होगा। विधानसभा अध्यक्ष ने विद्यालय को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण बनाने में स्थानीय ग्रामीणों से भी यथासंभव योगदान देने की अपील की। उन्होंने सिक्किम में विद्यार्थियों की घटती संख्या पर भी चिंता व्यक्त की।
विधानसभा अध्यक्ष एमएन शेरपा ने भंडारी जयंती की भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय नरबहादुर भंडारी को आधुनिक सिक्किम का शिल्पकार बताते हुए कहा कि भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में नेपाली भाषा को शामिल कराने में स्वर्गीय भंडारी की अग्रणी भूमिका रही। उन्होंने कहा कि सिक्किम के विकास में स्वर्गीय भंडारी का अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पीएस गोले के नेतृत्व वाली एसकेएम सरकार ने स्वर्गीय नरबहादुर भंडारी के सम्मान में उच्च शिक्षा के लिए नरबहादुर भंडारी फेलोशिप योजना शुरू की है।
साथ ही, पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भंडारी की जयंती को सिक्किम राजपत्र में राज्य अवकाश के रूप में घोषित किया गया है। स्वर्ण जयंती समारोह के दौरान विधानसभा अध्यक्ष एमएन शेरपा, विधायक आदित्य गोले एवं अन्य सम्मानित अतिथियों ने स्वर्गीय नरबहादुर भंडारी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया और श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर ज्ञानदीप नामक पुस्तक का लोकार्पण भी किया गया। अमीर भंडारी ने स्वर्गीय नरबहादुर भंडारी के जीवन पर संक्षिप्त प्रकाश डाला। समारोह समिति के अध्यक्ष एवं प्राचार्य प्रकाश निरौला ने भी संबोधित किया। आठ दिवसीय स्वर्ण जयंती समारोह में ओपन फुटबॉल टूर्नामेंट भी प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहेगा।
No Comments: