गेजिंग : गेजिंग जिले के क्यांगसा खेल मैदान में 3 अक्टूबर से पहली कंचनजंघा वेटरन फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। वेटरन खिलाड़ियों के बीच खेल भावना, आपसी भाईचारा, स्वास्थ्य और प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित यह प्रतियोगिता आगामी 13 अक्टूबर को संपन्न होगी। प्रतियोगिता में विभिन्न स्थानों की कुल 22 वेटरन फुटबॉल टीमें हिस्सा ले रही हैं। उम्र के कारण नियमित प्रतिस्पर्धात्मक फुटबॉल से कुछ दूर हो चुके अनुभवी खिलाड़ियों को दोबारा मैदान में उतारने तथा खेल के प्रति उनके लगाव और उत्साह को बनाए रखने के उद्देश्य से प्रतियोगिता आयोजित की गई है।
प्रतियोगिता में 40, 45 और 50 वर्ष से अधिक उम्र के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। आयोजकों ने बताया कि वेटरन खिलाड़ियों को तंदुरुस्त और सक्रिय बनाए रखने के साथ-साथ उम्र बढ़ने के कारण उन्हें खेल मैदान में उतरने का अवसर कम मिल पाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्हें दोबारा मैदान में खेलने का अवसर प्रदान किया गया है। आयोजक समिति के अनुसार प्रतियोगिता की विजेता टीम को दो लाख रुपये नकद के साथ ट्रॉफी प्रदान की जाएगी, जबकि उपविजेता टीम को एक लाख रुपये नकद के साथ उत्कृष्ट ट्रॉफी प्रदान करने की व्यवस्था की गई है। आकर्षक पुरस्कार राशि के कारण भी प्रतियोगिता में शामिल टीमों के बीच मुकाबला और अधिक रोचक हो गया है।
प्रतियोगिता के तीसरे दिन सोमवार को कुल तीन मुकाबले खेले गए। दिनभर हुए मुकाबलों में विभिन्न टीमों ने अगले चरण में प्रवेश के लिए जोरदार प्रतिस्पर्धा की। इसी क्रम में दिन का अंतिम और विशेष मुकाबला यांगते फाम तथा जेवीटी जोरथांग के बीच हुआ। इस मुकाबले के दौरान पहली कंचनजंघा वेटरन फुटबॉल प्रतियोगिता के प्रमुख संरक्षक तथा मंत्री भीमहांग सुब्बा भी मैदान में मौजूद रहे। प्रतियोगिता के प्रमुख संरक्षक मंत्री सुब्बा स्वयं मैदान में उतरकर खेल में शामिल हुए, जिससे मुकाबला दर्शकों के लिए और आकर्षण का केंद्र बन गया। यांगते फाम ने मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जेवीटी जोरथांग को 2-0 गोल के अंतर से पराजित किया। यांगते फाम की ओर से दो गोल किए गए, जबकि जेवीटी जोरथांग की टीम कोई गोल नहीं कर सकी। 2-0 की जीत के साथ यांगते फाम ने प्रतियोगिता के अगले चरण में प्रवेश कर लिया।
प्रतियोगिता में शामिल वेटरन खिलाड़ी अपने अनुभव और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए मैदान पर उत्साहपूर्ण प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। खिलाड़ियों की उम्र से अधिक उनका खेल के प्रति लगाव, अनुशासन और जोश प्रतियोगिता को विशेष बना रहा है। आगामी 13 अक्टूबर तक चलने वाली प्रतियोगिता के शेष मुकाबलों में भी विभिन्न वेटरन टीमों के बीच प्रतिस्पर्धा होगी। प्रतियोगिता के अंतिम चरण की ओर बढ़ने के साथ मुकाबले और अधिक प्रतिस्पर्धात्मक तथा रोमांचक होने की उम्मीद है। स्थानीय स्तर पर वेटरन खिलाड़ियों को शामिल कर आयोजित की जा रही यह प्रतियोगिता खेलकूद के विकास के साथ पुराने और अनुभवी खिलाड़ियों को दोबारा खेल मैदान से जोड़ने का अवसर प्रदान कर रही है। सोमवार के कार्यक्रम में विद्युत विभाग के अधिकारी जेपी सुब्बा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
No Comments: