सीएपी की ड्राइवर्स काउंसिल कार्यकारी परिषद की बैठक आयोजित

राज्य की खराब सड़कों को लेकर जताई चिंता

गंगटोक : ड्राइवर समुदाय की आवाज बुलंद करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सिटीजन एक्शन पार्टी-सिक्किम (सीएपी) की ड्राइवर्स काउंसिल कार्यकारी परिषद ने आज गंगटोक स्थित पार्टी मुख्यालय में एक अहम बैठक आयोजित की। काउंसिल उपाध्यक्ष (प्रभारी) बिनोद गुरुंग ने की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में काउंसिल अध्यक्ष आशीष राई, पाकिम जिलाध्यक्ष जोना राई, नामची जिलाध्यक्ष संतोष राई और अन्य उपस्थित थे।

ड्राइवर्स काउंसिल उपाध्यक्ष नीमा ओंगचू शेरपा ने एक विज्ञप्ति में बताया कि बैठक में पूरे राज्य में सड़कों की बिगड़ती हालत को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की गई। खराब सड़कों के कारण न केवल दैनिक परिवहन को बाधित किया है, बल्कि हजारों ड्राइवरों की आजीविका के लिए भी सीधा खतरा पैदा कर दिया है। ऐसे में, काउंसिल ने इस बात पर जोर दिया कि सिक्किम की कनेक्टिविटी और पर्यटन अर्थव्यवस्था की रीढ़ होने के बावजूद ड्राइवर बुनियादी ढांचे की उपेक्षा के कारण भारी कठिनाइयों का सामना करने पर मजबूर हो रहे हैं।

शेरपा ने बताया कि बैठक में काउंसिल ने संबंधित अधिकारियों से मानसून का मौसम शुरू होने से पहले सडक़ों की तत्काल मरम्मत और रखरखाव के लिए कदम उठाने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि इस मामले में किसी भी तरह की देरी से ड्राइवरों की आजीविका और आम जनता की सुरक्षा के लिए गंभीर परिणाम हो सकते हैं।

वहीं, बैठक में चर्चा का एक प्रमुख बिंदु ड्राइवरों के बीच अवैध और अनियंत्रित पार्किंग शुल्क वसूली को लेकर बढ़ता असंतोष भी था। काउंसिल अध्यक्ष आशीष राई ने ऐसी प्रथाओं की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इनसे ड्राइवरों की पहले से ही कम आमदनी में और भी ज़्यादा कमी आई है। ऐसे में, उन्होंने अनधिकृत वसूली के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि केवल विधिवत सत्यापित और वैध पहचान पत्र रखने वाले व्यक्तियों को ही पार्किंग शुल्क वसूलने की अनुमति दी जानी चाहिए। उन्होंने आगे बताया कि उचित पहचान न होने के कारण ड्राइवरों को अक्सर विवादों और अपमान का सामना करना पड़ता है, जिससे उनकी सामाजिक गरिमा पर बुरा असर पड़ रहा है।

इसके साथ ही, राई ने उत्तर सिक्किम में भूस्खलन और भारी बर्फबारी के कारण उत्पन्न संकट के दौरान फंसे ड्राइवरों और पर्यटकों की सहायता के लिए भारतीय सेना और मंगन तथा गंगटोक जिला प्रशासन की सराहना भी की। इस दौरान, प्रभारी उपाध्यक्ष बिनोद गुरुंग ने ड्राइवरों के कल्याण, अधिकारों और गरिमा के प्रति सीएपी-सिक्किम की अटूट प्रतिबद्धता को दोहराते हुए इस बात पर जोर दिया कि पार्टी ड्राइविंग समुदाय के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और जब तक उनकी समस्याओं का कोई सार्थक और स्थायी समाधान नहीं निकल जाता, तब तक पार्टी हर मंच पर उनकी चिंताओं को उठाती रहेगी। परिषद ने सभी स्तरों पर अपने संगठनात्मक नेटवर्क को और मजबूत करने का भी संकल्प लिया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि राज्य के हर कोने से ड्राइवरों की आवाज़ सुनी जाए, उसका सम्मान हो और उस पर कार्रवाई की जाए।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics