मंगन : एमएसएमई प्रदर्शन बढ़ाने की रैंप योजना के तहत सिक्किम सरकार के वाणिज्य व उद्योग विभाग द्वारा सीड सेल के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय ‘सिक्किम उत्सव-मंगन चैप्टर का आज स्थानीय नगर पंचायत हॉल में शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राज्य के समाज कल्याण मंत्री सह लाचेन-मंगन क्षेत्र के विधायक सामदुप लेप्चा (Samdup Lepcha) ने इसका उद्घाटन किया। उद्घाटन अवसर पर वाणिज्य व उद्योग मंत्री छिरिंग थेंडुप भूटिया (Tshering Thendup Bhutia) विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
गौरतलब है कि यह उत्सव मुख्य रूप से एक प्रदर्शनी-सह-बिक्री मेले पर केंद्रित होगा, जिसमें खाद्य प्रसंस्करण, स्थानीय हस्तशिल्प और पारंपरिक परिधानों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें राज्य भर से प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और एक खुला सत्र भी होगा। मंगन में आयोजित सिक्किम उत्सव से स्थानीय अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक प्रभाव पड़ने और उभरते हुए उद्यमियों को अपनी पहचान बनाने के लिए पर्याप्त अवसर मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम स्थल पर लगभग 25 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें लगभग 40 अनुभवी उद्यमियों और 20 महत्वाकांक्षी छात्र-उद्यमियों ने हिस्सा लिया। इन स्टॉलों पर उत्पादों की एक विस्तृत और विविध श्रृंखला प्रदर्शित की गई थी। कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने इन स्टॉलों का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर मंत्री लेप्चा ने एक सफल उद्यम स्थापित करने के लिए समर्पण, नवाचार और निरंतरता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उद्यमियों को उपलब्ध संसाधनों और सरकारी सहायता का सर्वोत्तम उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही, उन्होंने बदलते रुझानों के अनुसार स्वयं को ढालने और चुनौतियों का सामना करते हुए मजबूती से डटे रहने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
वहीं, मंत्री भूटिया ने उद्यमियों के प्रयासों और उनकी नई सोच की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नई और उभरती प्रतिभाओं को निखारने के लिए एक सहायक मंच प्रदान किया जा रहा है, जिससे वे अपने विचारों को प्रदर्शित करने के साथ अपने उद्यमों को आगे बढ़ा सकें। इसके अलावा, उन्होंने बताया कि बेहतरीन प्रदर्शन करने और आगे बढऩे की क्षमता वाले लोगों को राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार करने और अपने व्यवसायों को राज्य की सीमाओं से बाहर ले जाने के अवसर दिए जाएंगे।
इससे पहले, एमएसएमई, वाणिज्य व उद्योग निदेशक रवि कुमार ने रैंप कार्यक्रम के तकनीकी पहलुओं और इच्छुक एवं स्थापित उद्यमी के लाभ के अवसरों पर विस्तार से चर्चा की।
वहीं, मंगन जिला कलेक्टर अनंत जैन ने सभी स्थानीय उद्यमियों को उभरते अवसरों का सक्रियता से लाभ उठाने और अपने उद्यमों को आगे बढ़ाने के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने सरकार द्वारा उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला स्तर पर कई योजनाएं शुरू करने की जानकारी देते हुए आश्वासन दिया कि उद्यमियों का कौशल निखारने तथा उनके व्यवसायों को बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण कार्यक्रम भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
कार्यक्रम को जिला सीड सेल समन्वयक ताशी ओंगदुप लेप्चा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अध्यक्षों, पाइपोन, पंचायत प्रतिनिधियों, पार्षदों, ओएसडी, मंगन एडीसी, एडीसी (विकास), मंगन एसडीएम, डीएफओ (क्षेत्रीय), सीईओ, बीडीओ, एमएनपी एमईओ के साथ अन्य अधिकारियों और उद्यमियों ने भाग लिया।
No Comments: