नई दिल्ली । लोकसभा में संविधान का 131वां संशोधन विधेयक के गिरने के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा की प्रतिक्रिया सामने आई है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि हमने संविधान पर हुए इस हमले को हरा दिया है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि संशोधन विधेयक गिर गया। कांग्रेस सांसद ने पीएम मोदी की नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने महिलाओं के नाम पर, संविधान को तोड़ने के लिए,असंवैधानिक तरकीब का इस्तेमाल किया। कांग्रेस सांसद ने आगे लिखा कि भारत ने देख लिया। इंडिया ने रोक दिया। जय संविधान।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि ये बिल जिस तरह से सरकार ने पेश किया, उस तरह से उसका पारित होना नामुमकिन था। उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ा और पुरानी जनगणना से जोड़ा, जिस कारण से इसे पारित नहीं किया गया। आज, देश के विपक्ष ने अपनी दृढ़ता और एकजुटता दिखाकर भारत के लोकतंत्र और इसकी अखंडता को अक्षुण्ण रखा है। भारत की राजनीति में आज का दिन ऐतिहासिक माना जायेगा।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि आज से इस देश की आवाज को दबाने का काम बंद। मैं विपक्ष के सभी सांसदों को दिल से धन्यवाद देती हूँ क्योंकि अंतर्मन में हम सब जानते हैं कि अगर ये तीन विधेयक पारित होते तो हमारे देश में लोकतंत्र नहीं बचता। अपनी शक्ति का सही इस्तेमाल करके हमने इस देश को राजनीति से ऊपर रखा है और देश के हित में अपना कर्तव्य निभाया है।
आपको बता दें कि पीएम मोदी की नेतृत्व वाली केंद्र सरकार विपक्षी दलों को मनाने में फेल हो गई है। जिसके परिणामस्वरूप संसद में चर्चा के बाद भी संविधान का 131वां संशोधन विधेयक पारित नहीं हो सका। इस बिल को पास कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता थी, लेकिन सरकार आवश्यक समर्थन जुटाने में विफल रही। लोकसभा में बिल के पक्ष में 298 वोट पड़े। वहीं बिल के खिलाफ 230 वोट पड़े।
No Comments: