दार्जिलिंग में अमित शाह की हुंकार, कहा- दीदी का समय खत्म

6 महीने में सुलझेगा गोरखाओं का मुद्दा

ममता बनर्जी पर वोटबैंक राजनीति का आरोप, उत्तर बंगाल के विकास का वादा

दार्जीलिंग । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए सियासी पारा अपने चरम पर है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी सरकार पर तीखा हमला बोला है। शाह ने स्पष्ट संदेश दिया कि भाजपा बंगाल में तुष्टिकरण की राजनीति को खत्म करेगी और राज्य की सांस्कृतिक पहचान की रक्षा करेगी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज मंगलवार को एक बार फिर से दोहराया कि ममता के गुंडों को उल्टा लटकाकर सीधा कर देंगे। उन्होंने दावा किया कि बंगाल में अगली सरकार भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की होगी। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, मता दीदी को देश की सुरक्षा से कोई लेना-देना नहीं है। इनको सिर्फ अपना वोटबैंक, घुसपैठिए ही दिखाई देते हैं। वो सिर्फ अपने भतीजे को मुख्यमंत्री बनना चाहती हैं और बंगाल के लोगों को गुमराह कर रही हैं कि बीजेपी जीती तो राज्य का अगला मुख्यमंत्री बाहरी होगा।

अमित शाह ने कहा, आज मैं कहकर जाता हूं, कोई भाईपो (भतीजा) भविष्य में बंगाल का मुख्यमंत्री नहीं बनेगा। भाईपो ने चुनाव परिणाम आने के बाद राज्य छोड़ने के लिए टिकट खरीद लिया है। बंगाल का अगला मुख्यमंत्री बीजेपी का होगा, बंगाल में ही जन्मा हुआ होगा और बंगाली बोलने वाला होगा। अमित शाह ने कहा, मैं दीदी (ममता बनर्जी) से कहना चाहता हूं- टाटा, बाय-बाय। आपका समय समाप्त हुआ। आपने बंगाल की जनता को बहुत परेशान कर लिया।अब आपके जाने और कमल के फूल के आने की बारी है।

दार्जीलिंग में एक सभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा, पांच तारीख के बाद ममता के गुंडों को उलटा करके सीधा करेंगे। अमित शाह ने खैर मनाए और 23 तारीख को मतदान वाले दिन बाहर वालों को हाथ नहीं लगाए वरना 4 मई के जेल के सलाखों के पीछे होंगे। पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल को राज्य की 152 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राज्य में बदलाव की मांग अब तेज हो रही है और जनता परिवर्तन की दिशा में सोच रही है। अमित शाह ने गोरखा समुदाय से जुड़े मुद्दों पर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनती है, तो गोरखा बहनों और भाइयों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

अमित शाह ने अपने संबोधन में दावा किया कि बीजेपी सरकार बनने के बाद छह महीनों के भीतर गोरखा समुदाय से जुड़ी पुरानी समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे, जिससे लोगों के जीवन में संतोष और स्थिरता आ सके। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) दोनों पर गोरखा समुदाय और दार्जिलिंग क्षेत्र की उपेक्षा करने का आरोप रहा है। शाह के अनुसार, इन समस्याओं का समाधान बीजेपी अपनी सरकार बनने के बाद तय समयसीमा में करने का प्रयास करेगी।

गृहमंत्री ने कहा कि यह समस्या दशकों से बनी हुई है क्योंकि लगातार रही सरकारें दार्जिलिंग पहाड़ियों के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने की ईमानदारी से कोशिश करने में विफल रहीं। उन्होंने कहा कि ममता दीदी ने गोरखाओं के इतिहास को छिन्न-भिन्न करने का प्रयास किया। शाह ने कहा, कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस ने केवल दार्जिलिंग के साथ ही नहीं बल्कि हमारे देशभक्त गोरखा भाइयों के साथ भी अन्याय किया है। शाह ने दावा किया कि भाजपा ने इस मुद्दे को सुलझाने की कई बार कोशिश की। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस मामले में तीन बैठक बुलाई थीं लेकिन पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार ने राज्य का कोई प्रतिनिधि नहीं भेजा। उन्होंने कहा, मैंने गोरखा मुद्दे को सुलझाने के लिए तीन बैठक बुलाई थीं लेकिन पश्चिम बंगाल सरकार ने कोई प्रतिनिधि नहीं भेजा। यही कारण है कि एक मध्यस्थ नियुक्त करना पड़ा। शाह ने दोहराया कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर गोरखाओं की इच्छा के अनुसार इस मुद्दे के समाधान के लिए छह महीने के भीतर कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने कहा, मैं आज आपसे यह वादा करके जा रहा हूं कि भाजपा की सरकार बनते ही दशकों पुराने गोरखा मुद्दे का समाधान गोरखाओं की शर्तों के अनुसार किया जाएगा। भाजपा नेता ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान कुछ गोरखाओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा, एसआईआर के दौरान कुछ गोरखाओं के नाम हटा दिए गए थे। पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद ये सभी नाम फिर से मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। गोरखा मुद्दा उत्तर बंगाल के गोरखा बहुल पहाड़ी जिलों में पृथक राज्य की पुरानी मांग से जुड़ा है।

सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने उत्तर बंगाल के लोगों से अपील की कि एक बार बीजेपी को अवसर दिया जाए, ताकि विकास और समाधान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा, उत्तर बंगाल वालों, एक बार बीजेपी सरकार बना दीजिए। तीन चुनावों से दार्जिलिंग तो कमल फूल पर वोट कर ही रहा है, लेकिन इस बार पूरा बंगाल तय कर बैठा है कि दीदी को हटाने का समय आ गया है। अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में बजट आवंटन को लेकर भेदभाव किया जा रहा है। अमित शाह ने कहा कि तृणमूल सरकार ने उत्तर बंगाल, आदिवासी और पहाड़ी क्षेत्रों के लिए करीब 2000 करोड़ रुपये का आवंटन किया है, जबकि मदरसों और अल्पसंख्यक क्षेत्रों के लिए 5800 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। उन्होंने इसे अन्यायपूर्ण बताया और कहा कि उत्तर बंगाल और गोरखा समुदाय के साथ न्याय की शुरुआत अब से होगी। उन्होंने कहा, चाय बागानों को हम बेचने नहीं देंगे। बता दें कि आज बंगाल में चुनाव प्रचार का आखिर दिन है।

उन्‍होंने यह घोषणा भी की कि दार्जिलिंग से सुदरबन को जोड़ने के लिए राष्‍ट्रीय राजमार्ग का निर्माण किया जाएगा। शाह ने कहा कि उत्तर बंगाल में पृथक अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्‍थान, केंसर अस्‍पताल, आई.आई.एम. और एक आई.आई.टी. की स्‍थापना की जाएगी तथा दार्जिलिंग को पारिस्थितिकी तथा धरोहर पर्यटन केन्‍द्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

उन्‍होंने कहा कि गोरखा लोगों के लिए खेल विश्‍वविद्यालय की स्‍थापना की जाएगी। उन्‍होंने यह भी कहा कि यदि उनकी पार्टी सत्‍ता में आई तो जीटीए मामले में भ्रष्‍टाचार की जांच की जाएगी। उन्‍होंने दोहराया कि भाजपा के सत्ता में आने के 45 दिन के अंदर ही सातवें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू कर दी जाएंगी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ममता बनर्जी को महिला आरक्षण के मुद्दे पर घेरा। अमित शाह ने कहा कि अभी अभी मोदी जी ने महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए बिल लेकर आए थे, लेकिन इस बिल को गिराने का काम ममता दीदी ने किया है। इनको सिर्फ घुसपैठिए ही दिखाई देते हैं। ये सिर्फ अपने भतीजे को मुख्यमंत्री बनना चाहती हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यहां कितनी जगहों पर बहनों पर, महिलाओं पर और माताओं पर अत्याचार हुआ। ममता दीदी कहती हैं कि 7 बजे के बाद माताओं-बहनों को घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। अरे, ममता दीदी आपका समय अब समाप्त हो रहा है। मैं माताओं-बहनों को भरोसा दिलाकर जाता हूं, 4 मई के बाद यहां मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनने वाली है। मैं आज आपसे कहता हूं कि 4 मई के बाद रात को 1 बजे भी छोटी बच्ची स्कूटी पर जाए, तो किसी भी गुंडे की हिम्मत नहीं होगी आंख उठाने की। भाजपा यहां महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।

उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा और घुसपैठ पर भाजपा के रुख को दोहराते हुए कहा, बीजेपी ने देश को नक्सलवाद से मुक्त कराया है, और आज मैं यह दोहरा रहा हूं कि बीजेपी अकेले ही पूरे देश को घुसपैठियों से मुक्त कराने के लिए काम करेगी। बंगाल की खाड़ी से लेकर हिंद महासागर तक, हम घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं छोड़ेंगे।

आपको बता दें कि बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होंगे, जबकि वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी। शाह ने विश्वास जताया कि इस बार जनता परिवर्तन के लिए मतदान करेगी।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics