गंगटोक : तीस्ता-5 पावर स्टेशन में 15 अगस्त 2026 को 80वां स्वतंत्रता दिवस सादगी एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक रूप से “वंदे मातरम्” के गायन से हुआ, जिसके पश्चात राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का सामूहिक गायन किया गया।
इस अवसर पर जितेंद्र कुमार, कार्यपालक निदेशक, क्षेत्रीय कार्यालय, सिलीगुड़ी एवं पावर स्टेशन प्रमुख, तीस्ता-5 पावर स्टेशन ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं राष्ट्रनायकों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
जितेंद्र कुमार ने 510 मेगावाट तीस्ता-5 पावर स्टेशन के पुनः कमीशनिंग की चुनौतीपूर्ण यात्रा का उल्लेख करते हुए इस महत्वपूर्ण उपलब्धि में योगदान देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सभी हितधारकों के समर्पण, अथक प्रयासों एवं दृढ़ संकल्प की सराहना की। उन्होंने कहा कि तीस्ता-5 का सफल पुनः कमीशनिंग देश की स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा की दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने इस उपलब्धि को राष्ट्र की सतत एवं स्वच्छ ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति में एनएचपीसी की प्रतिबद्धता का एक महत्वपूर्ण उदाहरण बताया।
उन्होंने पावर स्टेशन में विद्युत उत्पादन पुनः शुरू होने के एक माह के भीतर लगभग 360 मिलियन यूनिट (एमयू) विद्युत उत्पादन होने पर संतोष व्यक्त किया तथा विश्वास व्यक्त किया कि तीस्ता-5 पावर स्टेशन पुनः अपना गौरव प्राप्त करेगा और देश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति में महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।
उन्होंने सभी कार्मिकों का आह्वान किया कि वे इसी समर्पण, निष्ठा एवं जिम्मेदारी की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहें तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश के विकास में अपना योगदान देते रहें।
No Comments: