पाकिम : रंगेली बाजार स्थित गर्ग भवन में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपमंडल स्तरीय समारोह उत्साह और देशभक्ति के माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्वतंत्रता दिवस समारोह समिति (आईडीसीसी), रंगली के तत्वावधान में किया गया। समारोह में नाथांग-माचोंग विधानसभा क्षेत्र की विधायक एवं महिला, बाल, वरिष्ठ नागरिक एवं दिव्यांगजन कल्याण विभाग की सलाहकार पामिन लेप्चा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। छुजाचेन विधायक की पत्नी आशा गुरंग विशिष्ट अतिथि थीं।
कार्यक्रम में रंगेली के एसडीएम सुरेन कुमार प्रधान, एचआरडीडी के अतिरिक्त निदेशक कुमार प्रधान, एसडीपीओ संजय राई, शिक्षा विभाग की उप निदेशक हेम कल्याणी गुरंग, बीडीओ रेगू, जिला पंचायत सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पूर्व सैनिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रीय गीत प्रस्तुत किया गया और मुख्य अतिथि ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राष्ट्रगान के बाद विभिन्न विद्यालयों के दलों और एनसीसी कैडेटों ने मार्च पास्ट में हिस्सा लिया।
इस अवसर पर एसडीएम सुरेन कुमार प्रधान ने सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर का स्वतंत्रता दिवस संदेश पढ़कर सुनाया। वहीं शिक्षा विभाग की उप निदेशक हेम कल्याणी गुरंग ने मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग का स्वतंत्रता दिवस संदेश प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि पामिन लेप्चा ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह स्वतंत्रता, शांति और सद्भाव के मूल्यों को मजबूत बनाए। उन्होंने युवाओं को देश के विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि युवा सकारात्मक बदलाव के वाहक होने के साथ रोजगार सृजक, नवोन्मेषक और उद्यमी भी बन सकते हैं। उन्होंने युवाओं से विकसित भारत के लक्ष्य में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान जूनियर और सीनियर वर्ग में देशभक्ति नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। जूनियर वर्ग में डॉल्फिन अकादमी, सुंगदुंग ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि पोसोके प्राइमरी स्कूल दूसरे और गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल, लोअर डालापचंद तीसरे स्थान पर रहा। सीनियर वर्ग में पीएम श्री लेफ्टिनेंट चंद्र लाल शर्मा गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, छुजाचेन ने पहला स्थान प्राप्त किया। कुमारी पेमा त्सेदेन गवर्नमेंट सेकेंडरी स्कूल, रंगली दूसरे और सनराइज मॉडल स्कूल तीसरे स्थान पर रहा।
मार्च पास्ट प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में शिव लता मेमोरियल स्कूल प्रथम रहा। पीएम श्री लेफ्टिनेंट चंद्र लाल शर्मा गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, चूजाचेन ने दूसरा और सनराइज मॉडल स्कूल ने तीसरा स्थान हासिल किया। सीनियर वर्ग में गवर्नमेंट सेकेंडरी स्कूल, लिंगताम ने पहला स्थान प्राप्त किया। ग्रीनवुड अकादमी, रुनडुंग दूसरे तथा कुमारी पेमा त्सेदेन गवर्नमेंट सेकेंडरी स्कूल तीसरे स्थान पर रहा। दिन के खेल कार्यक्रमों के तहत आयोजित ओपन वॉलीबॉल टूर्नामेंट का फाइनल भी हुआ। निर्णायक सेट में पोसोके सिक्स ने रंगली ड्राइवर एसोसिएशन (आरडीए) को 15-9 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
No Comments: