स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता: प्रेम सिंह तमांग

स्वास्थ्य सेवाओं में नया अध्याय, मुख्यमंत्री ने मेडिकल टीम का बढ़ाया उत्साह

गंगटोक : मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने सिक्किम में पहली किडनी प्रत्यारोपण सर्जरी को राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र की ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए इसके लिए डॉक्टरों, नर्सों, तकनीशियनों और स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम की सराहना की।

गंगटोक के एक होटल में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने किडनी प्रत्यारोपण में योगदान देने वाली मेडिकल टीम को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सा दल की एकजुटता, समर्पण और कड़ी मेहनत का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने कोलकाता के आरएन टैगोर अस्पताल की विशेषज्ञ टीम, जिसका नेतृत्व डॉ टीए जहांगीर ने किया, के सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य में प्रत्यारोपण सुविधा शुरू होने से अब लोगों को किडनी ट्रांसप्लांट के लिए दूसरे शहरों की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी और मरीजों तथा उनके परिवारों की कठिनाइयां कम होंगी।

तमांग ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने एसटीएनएम अस्पताल में डायलिसिस सेवाओं के विस्तार तथा कीमोथेरेपी और रेडिएशन थेरेपी की सुविधा शुरू किए जाने का भी उल्लेख किया। बढ़ते मधुमेह और कैंसर के मामलों को देखते हुए उन्होंने खान-पान, जीवनशैली और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं पर अधिक ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि सरकार पात्र परिवारों के इलाज के आर्थिक बोझ को कम करने के लिए मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता योजना समेत विभिन्न कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवा को सरकार, चिकित्सा पेशेवरों और नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए राज्य में स्वास्थ्य अवसंरचना और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं को लगातार मजबूत करने का आश्वासन दिया।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, आयुष एवं संस्कृति मंत्री जीटी ढुंगेल ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बताया कि ऑर्गन ट्रांसप्लांट सेंटर और पोस्ट-ट्रांसप्लांट आईसीयू जनता को समर्पित किए जा चुके हैं।

ढुंगेल ने आरएन टैगोर अस्पताल, कोलकाता की विशेषज्ञ टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रत्यारोपण के बाद मरीजों की उचित देखभाल और नियमित फॉलो-अप सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने चिकित्सा दल से अंग प्रत्यारोपण के क्षेत्र में नई तकनीक, शोध और बेहतर चिकित्सा पद्धतियों के साथ कदमताल करने का भी आग्रह किया।

उन्होंने अंगदाता के साहस और उदारता की भी सराहना की और कहा कि अंगदान के लिए साहस और संवेदनशीलता की आवश्यकता होती है। इससे पहले स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव छेवांग ग्याछो ने ऑर्गन ट्रांसप्लांट सेंटर और पोस्ट-ट्रांसप्लांट आईसीयू की स्थापना को राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics