गंगटोक : सिक्किम के सामाजिक कल्याण विभाग की ओर से आयोजित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) राज्यस्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 के दूसरे दिन मंगलवार को विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान फुटबॉल, टेबल टेनिस, शतरंज और योग प्रतियोगिताएं आयोजित की गयीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नामची के शिक्षा विभाग के सीईओ जीपी शर्मा उपस्थित रहे। मेजबान विद्यालय ईएमआरएस सुनतले के प्राचार्य और सिक्किम सरकार के सामाजिक कल्याण विभाग के अंतर्गत ईएमआरएस सोसाइटी के नोडल अधिकारी सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद थे। विद्यालय की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया।
अंडर-19 बालक फुटबॉल प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले मुख्य फुटबॉल मैदान में खेले गये। पहले सेमीफाइनल में ईएमआरएस गैंगयाप ने ईएमआरएस पारखा को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनायी। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में ईएमआरएस सुनतले और ईएमआरएस स्वयम के बीच मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट में ईएमआरएस सुनतले ने 4-3 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। अब 14 अक्टूबर को प्रतियोगिता के तीसरे दिन अंडर-19 बालक फुटबॉल का खिताबी मुकाबला ईएमआरएस गैंगयाप और ईएमआरएस सुनतले के बीच खेला जायेगा।
अंडर-19 बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में ईएमआरएस पारखा ने ईएमआरएस सुनतले को 2-0 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। दोनों टीमों की खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले में उत्साह, टीम भावना और खेल भावना का परिचय दिया। मुख्य प्रशासनिक भवन के आंतरिक खेल कक्ष में टेबल टेनिस प्रतियोगिता के अंडर-14 और अंडर-19 वर्गों में एकल एवं युगल मुकाबले आयोजित किये गये।
अंडर-14 बालक एकल, बालिका एकल और बालिका युगल वर्ग में ईएमआरएस पारखा ने जीत दर्ज की, जबकि बालक युगल वर्ग का खिताब ईएमआरएस सुनतले के नाम रहा। वहीं, अंडर-19 वर्ग के बालक एकल, बालिका एकल, बालक युगल और बालिका युगल, चारों वर्गों में ईएमआरएस सुनतले के खिलाड़ियों ने जीत हासिल की।
शतरंज प्रतियोगिता में ईएमआरएस स्वयम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चारों वर्गों में जीत दर्ज की। विद्यालय के खिलाड़ियों ने अंडर-14 बालक, अंडर-14 बालिका, अंडर-19 बालक और अंडर-19 बालिका वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने एकाग्रता, धैर्य और रणनीतिक कौशल का परिचय दिया। योग प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शारीरिक लचीलेपन, संतुलन, एकाग्रता और अनुशासन का प्रदर्शन किया।
अंडर-14 बालक वर्ग में ईएमआरएस पारखा, अंडर-14 बालिका वर्ग में ईएमआरएस स्वयेम, अंडर-19 बालक वर्ग में ईएमआरएस स्वयेम और अंडर-19 बालिका वर्ग में ईएमआरएस पारखा ने जीत हासिल की। प्रतियोगिता का दूसरा दिन उत्साहपूर्ण रहा। विभिन्न स्पर्धाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, टीम भावना, अनुशासन और खेल कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिला। खेल प्रतियोगिताओं का सफल संचालन प्रतिभागी विद्यार्थियों, अधिकारियों, मेजबान विद्यालय और आयोजन समिति के समन्वय से हुआ। अब सभी की निगाहें 14 अक्टूर को होने वाले अंडर-19 बालक फुटबॉल के फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं।
No Comments: