एवरेस्ट विजेताओं के साहस और संघर्ष से प्रेरणा लें युवा : राजू बस्नेत

एवरेस्ट विजेता सोनम ग्याछो को दी गई श्रद्धांजलि

गंगटोक : सिक्किम माउंटेनियरिंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित ‘एवरेस्ट डे सिक्किम 2026’ का आज गंगटोक के एक स्थानीय होटल में उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, खेल एवं युवा कार्य तथा विधि एवं संसदीय कार्य विभाग के मंत्री राजू बस्‍नेत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

यह दिवस भारत के अग्रणी हिमालयी पर्वतारोही एवं सिक्किम से माउंट एवरेस्ट फतह करने वाले पहले व्यक्ति स्वर्गीय सोमन ग्‍याछो की स्मृति में मनाया गया। उन्होंने 22 मई 1965 को 42 वर्ष की आयु में एवरेस्ट शिखर पर पहुंचकर उस समय दुनिया के सबसे अधिक उम्र के पर्वतारोही बनने का रिकॉर्ड बनाया था। उन्होंने बिना अतिरिक्त ऑक्सीजन के लगभग 50 मिनट तक शिखर पर रहकर विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया था। उन्हें पद्मश्री, पद्म भूषण और अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।

अपने संबोधन में मंत्री राजू बस्नेत ने नई संभावनाओं की खोज और मानव प्रगति के लिए अलग रास्तों पर चलने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने एवरेस्ट विजेताओं के साहस और संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि समाज को ऐसे लोगों को अधिक सम्मान देना चाहिए ताकि युवा प्रेरित हो सकें।

उन्होंने हाल ही में ओलंपिक में शामिल खेल पर्वतारोहण (स्पोर्ट्स क्लाइम्बिंग) को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सिक्किम का भौगोलिक स्वरूप इस प्रकार की गतिविधियों के लिए अनुकूल है और सरकार इसके विकास में सहयोग जारी रखेगी। साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बेहतर सड़क अवसंरचना की जरूरत पर भी बल दिया।

पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के अध्यक्ष सोनम नोर्गे लाचुंग्‍पा ने कहा कि यह आयोजन पर्वतारोहियों की उपलब्धियों को सम्मान देने और युवाओं को प्रेरित करने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि राज्य में लगभग 130 नामित पर्वत हैं तथा पर्यटन क्षेत्र में क्षमता निर्माण और प्रभावी मार्केटिंग की आवश्यकता है।

सिक्किम माउंटेनियरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष कुंजुंग ग्‍याछो भूटिया ने संस्था के इतिहास और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्था की स्थापना 2005 में हुई थी तथा यह इंडियन माउंटेनियरिंग फाउंडेशन और यूआईएए (स्विट्जरलैंड) से संबद्ध है। संस्था अब तक पांच प्रमुख पर्वत अभियानों का संचालन कर चुकी है और अनेक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

कार्यक्रम से पूर्व मुख्य अतिथि ने स्वर्गीय सोनम ग्याछो द्वारा अभियानों में इस्तेमाल किए गए पर्वतारोहण उपकरणों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसमें कम्पास, घड़ी, बूट, आइस एक्स, रस्सियां और अन्य उपकरण शामिल थे। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय जवाहरलाल नेहरू और पूर्व गृह मंत्री स्वर्गीय गोविंद बल्‍लभ पंत के बधाई पत्र भी प्रदर्शित किए गए।

इस अवसर पर कुंजांग ग्याछो भूटिया की जीवनी का विमोचन भी किया गया, जिसे डॉ. विद्या प्रकाश कायस्थ ने लिखा है। कुंजांग ग्याछो भूटिया ने वर्ष 2008 में माउंट एवरेस्ट फतह किया था और वह सिक्किम से यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे व्यक्ति हैं।

कार्यक्रम में सिक्किम माउंटेनियरिंग एसोसिएशन गोल्ड मेडल 2026 पूर्व आईपीएस अधिकारी एसटी भूटिया को प्रदान किया गया, जबकि उत्कृष्ट योगदान के लिए जिग्‍मी भूटिया को अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस से सम्मानित किया गया। राज्य के 16 वरिष्ठ पर्वतारोहियों, जिनमें एवरेस्ट विजेता भी शामिल थे, को सम्मानित किया गया।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics