15 जुलाई तक सड़क आम लोगों के लिए पूरी तरह सुलभ होगी : ग्रेफ

मंत्री साम्दुप लेप्चा ने लाचेन-मंगन सड़क संपर्क की समीक्षा की

गंगटोक : लाचेन-मंगन निर्वाचन क्षेत्र में सड़क संपर्क की स्थिति और प्रगति की समीक्षा के लिए ताशिलिंग सचिवालय में क्षेत्रीय विधायक एवं समाज कल्याण मंत्री साम्दुप लेप्चा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीआरओ प्रोजेक्ट स्वास्तिक के मुख्य अभियंता ब्रिगेडियर अमित साखरे और 758 बीआरटीएफ, ग्रेफ के कमांडर कर्नल बी करण सिंह उपस्थित रहे।

बैठक में मुख्य रूप से चुंगथांग-लाचेन सड़क मार्ग पर चर्चा की गई। क्षेत्रीय विधायक ने लाचेन जुम्‍सा के लोगों की समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा। उन्होंने कहा कि सड़क संपर्क टूटने और बार-बार सड़क बंद होने से स्थानीय लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पर्यटन, जो लाचेन के लोगों की आजीविका का मुख्य आधार है, बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इससे स्थानीय लोगों पर ऋण और आर्थिक दबाव लगातार बढ़ रहा है।

मंत्री लेप्चा ने कहा कि ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (जीएलओएफ) आपदा के बाद बीते ढाई वर्षों से लाचेन के लोग गंभीर कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं, फिर भी उन्होंने सरकार के प्रयासों में धैर्य, सहयोग और विश्वास बनाए रखा है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन मंगन और चुंगथांग महकमों के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बैठकों के माध्यम से सडक़ बहाली के कार्य को तेज करने का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं, दीर्घकालिक समाधान के रूप में विधायक ने चुंगथांग-लाचेन मार्ग पर तारुम चू में सुरंग निर्माण की जोरदार पैरवी की। उन्होंने कहा कि यह सुरंग न केवल लाचेन के लोगों के लिए निर्बाध संपर्क सुनिश्चित करेगी, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण होगी। इस संबंध में भूमि व्यवहार्यता रिपोर्ट सड़क एवं पुल विभाग द्वारा तैयार कर मुख्य सचिव को आगे की कार्रवाई के लिए सौंप दी गई है।

इस दौरान, ग्रेफ अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सड़क बहाली और संपर्क कार्य 15 जुलाई 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद सड़क आम लोगों के लिए सुलभ हो सकेगी। अधिकारियों ने बताया कि 110 मीटर हिस्से में रिटेनिंग वॉल और प्लम वॉल सुरक्षा कार्य के साथ सड़क चौड़ीकरण किया जा रहा है। इसमें से 30 मीटर कार्य शुरू हो चुका है और शेष 80 मीटर कार्य 15 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा। इस अवसर पर मंत्री लेप्चा ने लाचेन के लोगों से 16 जुलाई तक धैर्य और सहयोग बनाए रखने की अपील की।

बैठक में ग्रेफ की ओर से अस्थिर और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों के लिए कैंटिलीवर रोड एलाइनमेंट और कट-एंड-कवर टनल जैसे वैकल्पिक प्रस्तावों की भी सराहना की गई। साथ ही, ग्रेफ अधिकारियों ने यह वादा भी किया कि वे इस साल अक्टूबर तक बिना किसी देरी के, भारतमाला पैकेज के तहत जमीन अधिग्रहण के लिए बाकी सभी मुआवजे की राशि जारी कर देंगे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics