गंगटोक : सिक्किम एथलेटिक एसोसिएशन ने आज रेसीथांग खेल गांव में वर्ल्ड एथलेटिक्स किड्स एथलेटिक्स डे 2026 मनाया। इसमें राज्य के विभिन्न जिलों के युवा एथलीटों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
जमीनी स्तर पर एथलेटिक्स को बढ़ावा देने और बच्चों को मजेदार व प्रतिस्पर्धी एथलेटिक गतिविधियों के माध्यम से खेलों में सक्रियता से भाग लेने हेतु प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में 14 वर्ष से कम आयु के लड़कों और लड़कियों के लिए ट्रायथलॉन की तीन श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
इसके तहत, लड़कों की ट्रायथलॉन ए श्रेणी में नामची जिले के मास्टर याइंगसो लिम्बू ने पहला, नामची जिले के ही मास्टर तेनजिंग वांगचुक दोरजी भूटिया और मास्टर यांगफेल गुरुंग ने क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। बी श्रेणी की ट्रायथलॉन प्रतियोगिता में पाकिम जिले के स्माइल कामी ने पहला, नामची जिले के अनुराग छेत्री ने दूसरा और मंगन जिले के नीमा तमांग ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, सी श्रेणी ट्रायथलॉन में पाकिम जिले के पालजोर शेरपा, नामची जिले के अनुज तमांग और राहेम गुरुंग क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।
इसी तरह, लड़कियों की अंडर-14 श्रेणी में मंगन जिले की तृषा राई विजयी रही। उनके बाद पाकिम की सोमपुंडी लेप्चा और आयशा छेत्री ने क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। ट्रायथलॉन बी श्रेणी में पाकिम जिले की अल्फनशा गुरुंग पहले, मंगन जिले की आकांक्षा छेत्री दूसरे और पाकिम जिले की लिडियामिट लेप्चा तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं, सी श्रेणी में पाकिम जिले की सगुन राई ने पहला, पाकिम की ही अनामिका दोरजी और साई ज्योति छेत्री ने क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इन प्रतियोगिताओं के बाद, सिक्किम एथलेटिक एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्यों और अधिकारियों की उपस्थिति में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। अधिकारियों ने युवा एथलीटों को उनके जोशीले प्रदर्शन के लिए बधाई दी और उन्हें समर्पण व अनुशासन के साथ एथलेटिक्स के क्षेत्र में आगे बढ़ते रहने के लिए प्रोत्साहित किया। एसोसिएशन ने राज्य में जमीनी स्तर पर खेलों के विकास को मजबूत करने और भविष्य की खेल प्रतिभाओं को निखारने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहरायी है।
No Comments: