आइस हॉकी को बढ़ावा देने की पहल

प्रशिक्षण के प्रस्ताव को जिलाधिकारी ने दी मंजूरी

गंगटोक : गंगटोक जिले के जिला कलेक्टर तुषार निखारे ने भारतीय आइस हॉकी संघ के तहत सिक्किमी युवाओं को देहरादून में आइस हॉकी प्रशिक्षण के लिए भेजने के प्रस्ताव को आधिकारिक मंजूरी देते हुए उस पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। इसे सिक्किम में शीतकालीन खेलों के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इस पहल के तहत सिक्किम से कुल पांच प्रतिभागियों, तीन लड़कों और दो लड़कियों, का चयन किया गया है। ये सभी 1 जून 2026 से देहरादून में आयोजित एक महीने के गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेंगे। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ये प्रतिभागी सिक्किम लौटकर शीतकालीन मौसम में अन्य इच्छुक युवाओं को भी प्रशिक्षण देंगे।

यह पहली बार है जब सिक्किम के युवा खिलाड़ियों को आधिकारिक रूप से आइस हॉकी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। भारत में यह खेल तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। वर्तमान में लद्दाखh आइस हॉकी को बढ़ावा देने वाले प्रमुख क्षेत्रों में शामिल है, जहां की जलवायु इस खेल के लिए अनुकूल मानी जाती है। सिक्किम में भी मौसम और तापमान की परिस्थितियां काफी हद तक समान हैं, जिससे राज्य में इस खेल के विकास की व्यापक संभावनाएं हैं।

सिक्किम के नाथांग को आइस हॉकी गतिविधियों के लिए सबसे उपयुक्त स्थानों में से एक के रूप में चिन्हित किया गया है। यहां की ठंडी जलवायु, बर्फबारी और गंगटोक से आसान संपर्क इसे इस खेल के लिए आदर्श बनाते हैं। सर्दियों के दौरान, जब स्कूल बंद रहते हैं, तब स्थानीय युवा आइस हॉकी प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में सक्रिय रूप से भाग ले सकेंगे।

यह पहल जिला कलेक्टर तुषार निखारे के मार्गदर्शन और सहयोग से संभव हो सकी है। उनके प्रोत्साहन और दूरदर्शिता के कारण सिक्किम के लड़के और लड़कियों को इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में भेजा जा रहा है। भविष्य में आइस हॉकी सिक्किम के प्रमुख शीतकालीन खेलों में शामिल हो सकता है। यह खेल सर्दियों के दौरान देशभर से पर्यटकों और एडवेंचर प्रेमियों को भी आकर्षित कर सकता है, जिससे एडवेंचर टूरिज्म, शीतकालीन खेल संस्कृति और स्थानीय लोगों के लिए आर्थिक अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।

गौरतलब है कि आइस हॉकी पहले से ही विंटर ओलंपिक गेम्‍स का हिस्सा है। ऐसे में सिक्किम के युवाओं के लिए भविष्य में विंटर ओलंपिक प्रतियोगिताओं में भाग लेने और तैयारी करने का यह एक सुनहरा अवसर माना जा रहा है। उचित प्रशिक्षण और सहयोग मिलने पर सिक्किम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिभाशाली आइस हॉकी खिलाड़ी तैयार करने की क्षमता रखता है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics