गेजिंग : गेजिंग जिले में स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान का औपचारिक शुभारंभ 17 सितम्बर को लिंगचोम सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एडीसी (विकास), गेजिंग जिला ग्रामीण विकास विभाग कार्यालय की ओर से किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती सनिता तमांग, शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी मौजूद रहे। इसके साथ ही स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत जिले में स्वच्छ पाठशाला पहल की शुरुआत हुई। कार्यक्रम के दौरान एसबीएम-जी की जूनियर वीएए यांगचेनला भूटिया ने स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के प्रमुख स्तंभों, विषयों और गतिविधियों पर जागरूकता प्रस्तुति दी। इस दौरान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 और उचित कचरा प्रबंधन की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया।
विद्यार्थियों को बताया गया कि कचरा प्रबंधन केवल सफाईकर्मियों या स्थानीय प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति, परिवार और समुदाय की साझा जिम्मेदारी है। जागरुकता कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित किया गया। पहले सत्र में माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों ने भाग लिया। इसमें कचरा प्रबंधन, स्वच्छता ही सेवा अभियान और एसडब्ल्यूएम नियम, 2026 की प्रासंगिकता पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद मध्य विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए उनकी आयु के अनुरूप दूसरा सत्र आयोजित किया गया, जिसमें रोजमर्रा के जीवन में अपनाए जा सकने वाले सरल और व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में व्यवहार में चार महत्वपूर्ण बदलावों का संदेश दिया गया। इनमें एकल-उपयोग प्लास्टिक को ना कहना, सही खाद्य पदार्थों का चयन करना, कचरे को स्रोत पर ही अलग करना तथा कचरा जलाने से परहेज करना शामिल रहा। कार्यक्रम में बताया गया कि केवल सफाई अभियान चलाने से स्थायी स्वच्छता हासिल नहीं की जा सकती। इसके लिए दैनिक आदतों में निरंतर बदलाव आवश्यक है। विशेष रूप से युवाओं को स्वच्छता और जिम्मेदार कचरा प्रबंधन के महत्वपूर्ण दूत के रूप में तैयार करने पर बल दिया गया, ताकि वे अपने परिवार, विद्यालय और समुदाय में स्वच्छता के प्रति जागरुकता बढ़ा सकें। लिंगचोम सीनियर सेकेंडरी स्कूल में अभियान का शुभारंभ गेजिंग जिले में स्वच्छता ही सेवा 2026 की दिशा में एक महत्वपूर्ण शुरुआत रहा। अभियान के तहत जागरूकता बढ़ाने, नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने और युवा पीढ़ी में जिम्मेदार कचरा प्रबंधन की आदत विकसित करने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।
No Comments: