मणि मंत्रों के जाप से गूंजा पेलिंग, धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुए सोनम लामा

गेजिंग : सिक्किम सरकार के पीएचई, जल संसाधन एवं धार्मिक कार्य मंत्री सोनम लामा ने गुरुवार को जिले के पेलिंग स्थित चेनरेजिग सिंगखम रिवो पोटाला पहुंचकर वहां जारी चौथे वार्षिक मणि डुंगद्रुप छेन्मो-2026 में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने विशेष पूजा-अर्चना कर शांति, करुणा, सामाजिक सद्भाव और समस्त जीवों के कल्याण की कामना की।

इस धार्मिक समागम में उपस्थित होकर मंत्री लामा ने श्रद्धालुओं और बौद्ध धर्मगुरुओं के साथ सामूहिक प्रार्थना में भाग लिया। इस दौरान मंत्री के ओएसडी, धार्मिक कार्य विभाग के ओएसडी, विशेष सचिव सहित विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। वार्षिक मणि डुंगद्रुप छेन्मो  सिक्किम सरकार के धार्मिक कार्य विभाग की ओर से आयोजित सात दिवसीय महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान है। इसमें बौद्ध भिक्षु, भिक्षुणियां और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान चेनरेजिग अर्थात अवलोकितेश्वर को समर्पित मणि मंत्र तथा अन्य पवित्र मंत्रों का सामूहिक जाप करते हैं। चेनरेजिग को करुणा का प्रतीक माना जाता है।

सिक्किम की समृद्ध धार्मिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए धर्म कार्य विभाग द्वारा इस विशाल प्रार्थना आयोजन को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इस वर्ष आयोजन के लिए मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग और मंत्री सोनम लामा ने भी अपनी व्यक्तिगत क्षमता से आर्थिक सहयोग प्रदान किया है। आयोजन में सिक्किम के विभिन्न हिस्सों के अलावा दार्जिलिंग और कालिम्पोंग से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। विभिन्न मठों के भिक्षु और भिक्षुणियां भी धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा ले रहे हैं। व्यापक जनभागीदारी से पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक और सौहार्दपूर्ण वातावरण बना हुआ है।

चौथा वार्षिक मणि डुंगद्रुप छेन्मो  12 सितम्बर से शुरू हुआ था और इसका समापन 18 सितम्बर को होगा। इसके बाद 19 सितम्बर को पेलिंग के चेनरेजिग सिंगखम रिवो पोटाला में ‘वांग’ यानी दीर्घायु आशीर्वाद अनुष्ठान आयोजित किया जाएगा।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics