भानु जयंती के दूसरे दिन विभिन्न साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित

सोरेंग : सोरेंग डाक बंगला के इंजीनियरिंग कॉम्प्लेक्स हॉल में आयोजित 212वीं राष्ट्रीय स्तरीय भानु जयंती समारोह 2026 के दूसरे दिन विभिन्न साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। यह कार्यक्रम “भाषा साहित्य विकास एवं जातीय सद्भावना” विषय पर आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में नामथांग-रातेपानी के विधायक एवं ऊर्जा सलाहकार संजीत खरेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विधायक ने राष्ट्रीय स्तर के भानु जयंती समारोह के सफल आयोजन के लिए सोरेंग जिला को बधाई दी। साथ ही, उन्होंने जिले में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग और सोरेंग-चाकुंग के विधायक आदित्य गोले को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि सोरेंग जिला विकास के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विधायक आदित्य गोले के प्रयासों और समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिले के लोगों का उत्साह और सहयोग प्रशंसनीय है। उन्होंने सोरेंग जिले के लोगों के प्रति अपना स्नेह और सम्मान भी व्यक्त किया।

कार्यक्रम से पहले मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने वन विभाग की प्रमुख योजना “मेरो रुख मेरो संतति” के तहत पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान संजीत खरेल ने रोडोडेंड्रोन का पौधा लगाया। वहीं, सोरेंग के एडीसी डीआर बिष्ट ने अपने स्वागत भाषण में आदिकवि भानुभक्त आचार्य के साहित्यिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए सभी अतिथियों, विद्यार्थियों और प्रतिभागी टीमों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भानु जयंती केवल एक साहित्यिक आयोजन नहीं, बल्कि भाषा, संस्कृति और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है।

कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में जिला संस्कृति विभाग और प्रणीता तमांग द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, अंतर-विश्वविद्यालय वाद-विवाद प्रतियोगिता भी आयोजित की गई जिसमें दार्जिलिंग हिल्स यूनिवर्सिटी, कंचनजंगा स्टेट यूनिवर्सिटी (सिक्किम), सिक्किम अल्पाइन यूनिवर्सिटी और नॉर्थ बंगाल यूनिवर्सिटी की टीमों ने हिस्सा लिया। इस मुकाबलों में दार्जिलिंग हिल्स यूनिवर्सिटी की नेहा शेरपा और सिक्किम अल्पाइन यूनिवर्सिटी की प्रेमिका राई को सर्वश्रेष्ठ वक्ता चुना गया। प्रतियोगिता में विजयी टीमों ने 4 जुलाई को होने वाले सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वाद-विवाद प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में चंद्र भंडारी, अबीर खालिंग और प्रवीण राई जुमेली शामिल थे।

कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति की ओर से मुख्य अतिथि संजीत खरेल को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। इसके अलावा सभी प्रतिभागी टीमों और निर्णायकों को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आईटीएस उपाध्यक्ष सीपी शर्मा, मुख्यमंत्री के पीएस जैकब खालिंग, सोरेंग जिला अध्यक्ष तिला देवी गुरुंग, जिला पंचायत सदस्य, सलाहकार, चेयरपर्सन, सोरेंग डीसी धीरज सुबेदी, एडीसी डीआर बिष्ट, एसडीएम, ओएसडी एवं अन्य उपस्थित रहे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics