गांवों की जरूरत समझकर विकास को दें गति: कला राई

गांवों के विकास की पहली कड़ी हैं पंचायतें: भीमहांग सुब्बा

गेजिंग : सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) द्वारा आयोजित ‘पंचायत परामर्श अभियान’ के चौथे दिन यांगथांग निर्वाचन क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्योङसा स्थित जिला भवन के सभागार में आयोजित कार्यक्रम के साथ ही गेजिंग जिले के लिए चार दिवसीय अभियान का समापन हुआ।

कार्यक्रम में यांगथांग क्षेत्र के विधायक एवं मंत्री भीमहांग सुब्बा उपस्थित रहे, जबकि एसकेएम पंचायत प्रकोष्ठ की उपाध्यक्ष प्रभारी एवं विधायक कला राई ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री भीमहांग सुब्बा ने कहा कि एसकेएम सरकार पंचायतों को विशेष महत्व देती है। पंचायतें जनता के सबसे नजदीक की सरकार हैं और गांवों के विकास तथा जनसेवा में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग की परिकल्पना और दूरदर्शी नेतृत्व में पंचायतों को मजबूत करने के उद्देश्य से पंचायती राज विभाग का गठन किया गया है। उन्होंने पंचायतों के सुदृढ़ीकरण और विकास के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी भी दी।

विधायक कला राई ने ‘पंचायत परामर्श अभियान’ के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य पूर्व एवं वर्तमान पंचायत प्रतिनिधियों के साथ सीधे संवाद, मुलाकात और अनुभवों का आदान-प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों को गांव के विकास के लिए जिम्मेदारी और जवाबदेही के साथ कार्य करना चाहिए।

उन्होंने सरकारी योजनाओं, विकास के अवसरों और सुविधाओं के वितरण में वास्तविक जरूरतमंद लोगों और परिवारों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पंचायतों को गांवों की वास्तविक आवश्यकताओं को समझते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाना चाहिए। पंचायतों को अधिक मजबूत, जिम्मेदार और प्रभावी बनाने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम को पंचायत प्रकोष्ठ के गेजिंग जिला अध्यक्ष अशोक प्रधान, एसकेएम सोरेंग जिला उपाध्यक्ष प्रभारी एवं एसबीएस अध्यक्ष डीबी गुरूंग तथा पार्टी के संगठनात्मक प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष प्रभारी ओटी लेप्चा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर लोअर भालुथांग वार्ड के पूर्व पंचायत एवं एसडीएफ पार्टी के संस्थापक सदस्य बिर्खमान सुब्बा एसकेएम में शामिल हुए। मंत्री भीमहांग सुब्बा और विधायक कला राई ने उनका पार्टी में स्वागत किया।

कार्यक्रम में पंचायत प्रकोष्ठ के यांगथांग समष्टि संयोजक हेमंत कुमार सुब्बा ने स्वागत भाषण दिया, जबकि यांगथांग जीपीयू के पंचायत अध्यक्ष सोमनाथ शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का संचालन ओएसडी पूजन राई ने किया। कार्यक्रम में पंचायत प्रकोष्ठ के राज्य, जिला और समष्टि स्तर के पदाधिकारियों के साथ अध्यक्षगण, ओएसडी, जिला एवं वार्ड पंचायत प्रतिनिधि, पूर्व पंचायत प्रतिनिधि तथा पार्टी के महिला और युवा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics