‘समयबद्ध तरीके से पूरी हों सिक्किम की रेल परियोजनाएं’

रेल संपर्क मजबूत होने से सिक्किम के विकास को मिलेगी गति : सांसद इंद्र हांग सुब्बा

गंगटोक : सिक्किम के सांसद इंद्र हांग सुब्बा ने मंगलवार को गुवाहाटी में पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक में भाग लिया। बैठक के दौरान उन्होंने सिक्किम से संबंधित रेल परियोजनाओं के कार्य में तेजी लाने और उनकी प्रगति सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। सांसद सुब्बा ने पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे से सेवक-रंगपो रेल लाइन के चल रहे निर्माण कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि सिक्किम को सीधी रेल कनेक्टिविटी से जोड़ने के लिए यह परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने परियोजना को समय पर पूरा करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इसका सीधा प्रभाव राज्य की परिवहन सुविधा, पर्यटन, व्यापार, आर्थिक विकास तथा सामरिक हितों पर पड़ेगा।

सांसद ने प्रस्तावित मल्ली-देंताम रेल लाइन के लिए अंतिम स्थान सर्वेक्षण तथा डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया को भी शीघ्र पूरा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण और डीपीआर से संबंधित प्रक्रियाएं जल्द पूरी की जानी चाहिए, ताकि परियोजना को अनावश्यक विलंब के बिना आगे बढ़ाया जा सके।

सांसद सुब्बा ने कहा कि सिक्किम में रेल संपर्क को मजबूत और विस्तारित करना राज्य के दीर्घकालिक बुनियादी ढांचे के विकास, आर्थिक प्रगति और लोगों की आवागमन सुविधाओं में सुधार के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से इन परियोजनाओं को उचित प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

सांसद इंद्र हांग सुब्बा ने सिक्किम की रेल संपर्क से जुड़ी परियोजनाओं को लेकर रेल मंत्रालय और पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के साथ लगातार प्रयास जारी रखने तथा परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से लागू कराने की दिशा में काम करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics