एसआईआर को लेकर प्रशिक्षण शिविर आयोजित

गंगटोक : गंगटोक जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर आज सिच्‍चे स्थित जिला प्रशासनिक केंद्र के पास गंगटोक जिला पंचायत कार्यालय में बूथ लेवल अधिकारियों के लिए एक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। दो सत्रों में आयोजित इस प्रशिक्षण में गंगटोक जिले के आठ विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ शामिल हुए।

प्रशिक्षण के पहले सत्र में तुमिन लिंगी, खामदोंग सिंगताम, श्यारी और मार्तम-रुमटेक विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ ने भाग लिया। वहीं, दूसरे सत्र में अपर तादोंग, आरिथांग, गंगटोक और अपर बुर्तुक क्षेत्रों के बीएलओ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान एडीसी मुख्यालय सिसुम वांगचुक भूटिया ने सिक्किम में हो रहे जनसांख्यिकीय बदलावों को देखते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के महत्व पर प्रकाश डाला।

उन्होंने गणना प्रपत्र, प्रारूप मतदाता सूची, सुनवाई और अपील व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गणना चरण के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण और संग्रह करेंगे।

इसके अलावा, एडीसी ने बीएलओ और मतदाताओं की भूमिकाओं और जिम्मेदारियों की भी रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बीएलओ को बूथ लेवल एजेंटों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने और निर्धारित समय सीमा में जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया गया। प्रशिक्षण में मतदान केंद्रों के युक्तिकरण, दावे और आपत्तियों की सुनवाई के दौरान जरूरी दस्तावेज, गणना प्रपत्र से जुड़ी जानकारी और ईसीआई नेट ऐप की विशेषताओं पर भी चर्चा की गई।

दूसरे सत्र में निर्वाचन विभाग के एलडीसी नरेंद्र नियोपाने ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से प्रशिक्षण दिया। उन्होंने मतदाता सूची को शुद्ध और सटीक बनाने के लिए इस पुनरीक्षण अभियान को आवश्यक बताया और विभिन्न चरणों की जानकारी दी। उन्होंने एसआईआर कार्यक्रम और पुनरीक्षण प्रक्रिया में शामिल विभिन्न चरणों के बारे में भी विस्तार से बताया जिसमें मतदान केंद्रों के युक्तिकरण और डीईओ, ईआरओ, एईआरओ, पर्यवेक्षकों, बीएलओ तथा मतदाताओं की भूमिकाओं के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी। वहीं, नोटिस, सुनवाई, सत्यापन प्रक्रियाएं, अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन और ईसीआईनेट ऐप की विशेषताओं सहित विभिन्न विषयों को विस्तार से समझाया गया।

कार्यक्रम में डीईओ सह डीसी रोहन अगवाने, एडीसी (विकास) रजनी शर्मा, एसडीएम (मुख्यालय) महेंद्र छेत्री, एसडीएम सीएस लिम्बू, एईआरओ और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में निर्वाचन विभाग की अवर सचिव धन माया रसाइली ने बीएलओ से ईमानदारी और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने की अपील की।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics