सामूहिक प्रयासों से गांव बनेगा डिजिटल कार्य संस्कृति और पर्यटन का नया केंद्र : आदित्य गोले

डिजिटल नोमैड हब के रूप में उभरेगा गुम्पादारा

सोरेंग : सिक्किम के सोरेंग जिले के गुम्पादारा में गुरुवार को डिजिटल नोमैड विलेज का सॉफ्ट लॉन्च किया गया। कार्यक्रम में सोरेंग-च्‍याखुंग विधानसभा क्षेत्र के विधायक आदित्य गोले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने इस पहल को ग्रामीण पर्यटन, स्थानीय रोजगार और नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

अपने संबोधन में विधायक आदित्य गोले ने स्थानीय समुदाय और सभी हितधारकों को इस पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि गुम्पाडांड़ा, पाकिम जिले के याक्तेन के बाद सिक्किम का दूसरा डिजिटल नोमैड विलेज बन गया है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना की सफलता के लिए नवाचार, आपसी सहयोग और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं अत्यंत आवश्यक हैं।

उन्होंने गांव के होमस्टे संचालकों से अपने प्रतिष्ठानों को अधिक आकर्षक, आधुनिक और रचनात्मक बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी को सामूहिक प्रयासों से गुम्पादारा को राज्य का आदर्श डिजिटल नोमैड विलेज बनाने की दिशा में कार्य करना चाहिए। विधायक ने जिला प्रशासन और परियोजना से जुड़े सभी हितधारकों की सराहना करते हुए कहा कि उनके सहयोग से यह पहल साकार हो सकी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) शीघ्र तैयार कर राज्य सरकार को भेजने का निर्देश भी दिया, ताकि परियोजना के लिए आगे आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

इस अवसर पर सोरेंग के जिला कलेक्टर धीरज सुबेदी ने गुम्पादारा में डिजिटल नोमैड विलेज की अवधारणा और इसके विकास की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पाक्योंग जिले के याक्तेन का अध्ययन करने के बाद गुम्पादारा को राज्य के दूसरे डिजिटल नोमैड विलेज के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई। उन्होंने कहा कि होमस्टे संचालकों की क्षमता बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान विधायक एवं अन्य अधिकारियों ने डिजिटल नोमैड विलेज का निरीक्षण किया तथा स्थानीय होमस्टे संचालकों से बातचीत कर उनके अनुभवों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली। इससे पूर्व ‘नोमैड सिक्किम’ के परियोजना प्रमुख नमन ने प्रस्तुति के माध्यम से डिजिटल नोमैड विलेज के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बेहतर पैदल मार्ग, होमस्टे अवसंरचना के उन्नयन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास पर विशेष बल दिया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सोरेंग) डीआर बिष्ट, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (विकास) ओंगदी शेरपा, एसडीएम प्रेम के सुब्बा, एसडीएम साकछुम लेप्चा, मुख्य लेखा अधिकारी विष्णु अधिकारी, पर्यटन विभाग की सहायक निदेशक संध्या शर्मा, सहायक अभियंता रूपेन्द्र शर्मा, विभिन्न विभागों के अधिकारी, ‘नोमैड सिक्किम’ के संस्थापक प्रेम, सिक्किम इंस्पायर्स के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय होमस्टे संचालक उपस्थित थे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics