गेजिंग : 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के उपलक्ष्य में स्वतंत्रता दिवस समारोह समिति एवं यांगथांग यूनाइटेड के संयुक्त तत्वावधान में क्यांगसा खेल मैदान, गेजिंग में आयोजित ओपन फुटबॉल टूर्नामेंट के पांचवें दिन विभिन्न वर्गों के रोमांचक मुकाबले खेले गए। कार्यक्रम में सारेंग-च्याखुंग विधानसभा क्षेत्र के विधायक आदित्य गोले मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर आयोजन समिति के मुख्य संरक्षक एवं मंत्री भीम हांग सुब्बा, गेजिंग नगर पंचायत के पदाधिकारी, गणमान्य अतिथि तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
अंतर विद्यालय वर्ग में सेंट मेरी प्राइवेट स्कूल और मिडिल गेजिंग माध्यमिक विद्यालय के बीच मुकाबला खेला गया। कड़े संघर्ष वाले इस मैच में सेंट मेरी स्कूल ने 2-1 से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता के अगले चरण में प्रवेश किया। वेटरन (अंतर ग्राम पंचायत) वर्ग में यांगते ग्राम पंचायत और विधायक एकादश (एमएलए इलेवन) आमने-सामने थे। रोमांचक मुकाबले में विधायक एकादश ने 4-3 से जीत हासिल कर अगले दौर में अपनी जगह पक्की की।
ओपन वर्ग के मुख्य मुकाबले में गेजिंग पुलिस और कालिंपोंग की ससोनिन्स फुटबॉल क्लब के बीच मुकाबला हुआ। बेहद प्रतिस्पर्धी रहे इस मैच में गेजिंग पुलिस ने 1-0 से जीत दर्ज करते हुए प्रतियोगिता के अगले चरण में प्रवेश किया। आयोजकों ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के तहत आयोजित यह फुटबॉल प्रतियोगिता क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ युवाओं में खेल भावना और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने का माध्यम बन रही है।
No Comments: