जिलाधिकारी ने किया एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल का निरीक्षण

नामची : डीसी अनुपा तामलिंग की देखरेख में आज सुंतले स्थित एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल (ईएमआरएस) का निरीक्षण किया गया। इस दौरान विद्यालय की समग्र कार्यप्रणाली, चल रहे विकास कार्यों और आवश्यक सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान डीसी ने पानी की कमी की सूचना को ध्यान में रखते हुए सबसे पहले जल स्रोत का निरीक्षण किया। साथ ही विद्यालय के लिए चल रहे जल आपूर्ति कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया। निरीक्षण में फेंसिंग कार्य, स्टाफ क्वार्टर, ऑडिटोरियम हॉल और फुटबॉल ग्राउंड पवेलियन सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का निरीक्षण किया गया।

विद्यालय का मुख्य द्वार अधूरा और अनुपयुक्त डिजाइन का पाया गया, जिस पर आवश्यक संशोधन के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। डीसी ने स्कूल मेस का निरीक्षण कर छात्रों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करने और बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया। निरीक्षण के दौरान सभी रजिस्टर और आधिकारिक अभिलेखों की जांच की गई। प्राचार्य को निर्देश दिया गया कि सभी रिकॉर्ड नियमित रूप से अद्यतन और सुव्यवस्थित रखे जाएं।

स्टूडेंट कैप्टन काउंसिल के अनुरोध पर डीसी ने छात्रों से सीधे संवाद किया। इस दौरान छात्रों ने विद्यालय की सुविधाओं और प्रबंधन से जुड़ी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव खुलकर साझा किए। विद्यालय परिसर की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण के लिए वृक्षारोपण अभियान चलाने तथा हॉस्टलों, विशेषकर बालिका छात्रावास, की नियमित सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान यह जानकारी मिली कि पिछले एक माह से स्कूल में स्वास्थ्य शिविर आयोजित नहीं हुआ है। इस पर जिला कलेक्टर ने शीघ्र ही सामान्य स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराने का आश्वासन दिया।

डीसी ने ठोस कचरे के पृथक्करण और उचित प्रबंधन के निर्देश दिए। साथ ही आरडीडी निदेशक को विद्यालय परिसर में कंपोस्ट पिट निर्माण कराने के निर्देश भी दिए गए। डीसी ने शिक्षकों के साथ बैठक कर कक्षा 10 के असंतोषजनक परीक्षा परिणाम पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने शिक्षकों से अधिक जिम्मेदारी निभाने और प्राचार्य के साथ समन्वय कर शैक्षणिक स्तर सुधारने का आह्वान किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम (मुख्यालय), वेलफेयर ऑफिसर, डिविजनल इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर, जूनियर इंजीनियर (समाज कल्याण विभाग), पंचायत अध्यक्ष, डिप्टी डायरेक्टर आरडीडी सुम्बुक, स्कूल प्राचार्य, समाज कल्याण निरीक्षक और ठेकेदार सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics