गेजिंग बाजार में आज भी बुनियादी सुविधाओं का अभाव

चुनाव के बाद नए बोर्ड से विकास की उम्मीद

गेजिंग : पश्चिम सिक्किम का सबसे पुराना गेजिंग बाजार आज भी बुनियादी सुविधाओं और सौंदर्यीकरण के अभाव से जूझ रहा है। स्थानीय बुद्धिजीवियों और नागरिकों ने बताया कि अन्य शहरों की तुलना में गेजिंग बाजार विकास के मामले में काफी पीछे है, जिससे लोगों को दैनिक जीवन में कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

नगर पंचायत चुनाव 2026 के तहत वार्ड पार्षदों का चुनाव निर्विरोध संपन्न हुआ है, जिससे सत्तारूढ़ सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा सरकार के प्रति जनता का विश्वास स्पष्ट झलकता है। पिछले पांच वर्षों से नगर पंचायत द्वारा सेवाएं दी जा रही हैं और अब पुनः पुरानी टीम के बने रहने से लोगों को बेहतर विकास और प्रभावी सेवाओं की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने जुम्सा फाटक से एस-टर्निंग तक फ्लाईओवर निर्माण को अत्यंत आवश्यक बताया है। इस मार्ग पर भारी यातायात और छात्रों की आवाजाही के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा जुम्सा से एस-टर्निंग तक सीसी फुटपाथ निर्माण की भी मांग की गई है, क्योंकि सड़क काफी संकरी है और छोटे-मोटे हादसे अक्सर होते रहते हैं।

नए बाजार क्षेत्र में होटल आइवरी के पास से एस-टर्निंग तक व्यवस्थित और पर्यावरण अनुकूल फुटपाथ बनाने की मांग उठाई गई है, जहां बड़ी संख्या में छात्र और बुजुर्ग पैदल चलते हैं। साथ ही, बाजार के पास स्थित विंध्यवासिनी देवी मंदिर परिसर में सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग भी लंबे समय से की जा रही है। स्थानीय लोगों ने बाजार क्षेत्र में ठोस कचरा प्रबंधन प्रणाली लागू करने और नालियों की नियमित सफाई की आवश्यकता पर जोर दिया। पानी की पाइपलाइन बिछाने के कारण कई नालियां जाम हो गई हैं, जिससे सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

बाजार की सड़कों के सौंदर्यीकरण और डामरीकरण की मांग भी उठाई गई है। इसके साथ ही ट्रक, टैक्सी और निजी वाहनों के लिए स्थायी टैक्सी स्टैंड/प्लाजा निर्माण का कार्य अब तक शुरू नहीं होने पर लोगों ने नाराजगी जताई। पार्किंग की समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है, जिससे बाजार आने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल समस्या के समाधान के लिए सरकार द्वारा स्वीकृत परियोजना का कार्य अब तक पूरा नहीं होने पर स्थानीय लोगों ने असंतोष जताया। इसी तरह सीवरेज कार्य भी धीमी गति से चल रहा है, जिससे आगामी बरसात में समस्याएं बढ़ने की आशंका जताई गई है।

स्थानीय बुद्धिजीवियों ने कहा कि ठेकेदारों की धीमी कार्यशैली के कारण नागरिकों को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग और ठेकेदारों से जल्द कार्य पूरा करने की मांग की। स्थानीय लोगों का मानना है कि मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के विकसित और समृद्ध सिक्किम के विजन को साकार करने के लिए सभी संबंधित पक्षों को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि जवाबदेही की कमी के कारण ही गेजिंग के लोग लंबे समय से समस्याओं का सामना कर रहे हैं।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics