सोरेंग : सोरेंग जिला प्रशासनिक केंद्र में आज प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के तहत मॉडल सोलर विलेज के क्रियान्वयन को लेकर एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीसी धीरज सुबेदी ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए डीसी सुबेदी ने प्रतिनिधियों को अपने-अपने क्षेत्रों में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नवाचार अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने पंचायत सदस्यों द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों की सराहना करते हुए सभी हितधारकों से रचनात्मक रोडमैप तैयार करने का आग्रह किया। साथ ही, योजना के लाभों को अधिकतम करने के लिए इसके समुचित उपयोग पर बल दिया।
बैठक की शुरुआत में एडीसी डीआर बिष्ट ने पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना का विस्तृत परिचय प्रस्तुत किया। उन्होंने मॉडल सोलर विलेज की अवधारणा के महत्व को रेखांकित करते हुए जिले को सौर ऊर्जा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में दृष्टिकोण साझा किया। उन्होंने योजना के प्रमुख उद्देश्यों की विस्तार से जानकारी देते हुए सौर ऊर्जा हस्तक्षेप के दायरे और चिन्हित क्षेत्रों पर प्रकाश डाला। साथ ही, सफल क्रियान्वयन के लिए चयन मानदंड और व्यवहार्यता के पहलुओं पर जोर दिया। उन्होंने प्रमुख हितधारकों की भूमिका स्पष्ट करते हुए डीपीआर को नवाचारी और रचनात्मक तरीके से तैयार करने की आवश्यकता बताई।
बैठक के दौरान योजना के विभिन्न प्रावधानों और पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने सुझाव दिया कि बेहतर उपयोग और व्यापक प्रभाव सुनिश्चित करने के लिए सामुदायिक परिसंपत्तियों को भी योजना में शामिल किया जाए। गौरतलब है कि सोरेंग जिले में पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत लोअर थाम्बोंग जीपीयू का चयन किया गया है। इस अवसर पर पंचायत अध्यक्ष तिल बहादुर लिम्बू सहित जीपीयू सदस्य उपस्थित थे। इसके अलावा एसडीएम (मुख्यालय) प्रेम के. सुब्बा, बीडीओ ओंगदी शेरपा और अनुश्रीया प्रधान भी बैठक में मौजूद रहे।
No Comments: