गंगटोक : सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग ने आज लोकभवन में राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर से शिष्टाचार भेंट की। इस बैठक का मुख्य केंद्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की 27-28 अप्रैल को होने वाली आगामी सिक्किम यात्रा रही, जो सिक्किम के 50वें स्थापना दिवस के समापन समारोह के अवसर पर आयोजित की जा रही है।
मुलाकात के दौरान, मुख्यमंत्री ने राज्यपाल के साथ प्रधानमंत्री के दौरे से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री ने लोकभवन और पालजोर स्टेडियम में आयोजित होने वाले निर्धारित कार्यक्रमों की तैयारियों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की और राज्यपाल को अवगत कराया कि प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर सिक्किम की जनता के बीच भारी उत्साह है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस ऐतिहासिक कार्यक्रम की भव्य सफलता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा हर स्तर पर हर सम्भव प्रयास किए जा रहे हैं।
राज्यपाल ने चर्चा के दौरान इस बात पर जोर दिया कि प्रधानमंत्री की यह यात्रा सिक्किम की विकासात्मक उपलब्धियों और यहां की अनूठी सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक पटल पर प्रस्तुत करने का एक अत्यंत प्रभावी माध्यम बनेगी।
No Comments: