गंगटोक : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी सिक्किम यात्रा की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी की सिक्किम प्रदेश इकाई ने आज एक व्यापक राज्य-स्तरीय समन्वय बैठक की। यह यात्रा 27 और 28 अप्रैल, 2026 को निर्धारित है। प्रदेश भाजपा प्रभारी डॉ दिलीप जायसवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक का उद्देश्य पीएम के नियोजित कार्यक्रमों के लिए रणनीतिक नेतृत्व और दिशा प्रदान करना था।
बैठक में, पार्टी के शीर्ष राज्य नेतृत्व ने सक्रियता से भाग लिया। इसमें प्रदेश अध्यक्ष डीआर थापा, प्रदेश कमिटी के मुख्य सलाहकार छितेन ताशी भूटिया, उपाध्यक्ष एनके सुब्बा, गिरीश चंद्र राई, भरत दुलाल और याप शेइंग भूटिया, महासचिव डीसी नेपाल और अर्जुन राई तथा कोषाध्यक्ष कैलाश अग्रवाल शामिल थे। इनके साथ ही पार्टी की राज्य कार्यकारिणी परिषद, मोर्चा प्रमुखों, प्रकोष्ठ संयोजकों और जिला तथा मंडल कार्यकारिणी परिषदों के सदस्यों ने भी भाग लिया।
भाजपा सिक्किम प्रवक्ता सांगे ग्याछो भूटिया ने बताया कि बैठक में चर्चाओं के दौरान, नेतृत्व ने इस बात पर जोर दिया कि प्रधानमंत्री की यात्रा सिक्किम राज्य के लिए अत्यंत गर्व और सम्मान का विषय है। ऐसे में, प्रत्येक नागरिक और पार्टी कार्यकर्ता को इस ऐतिहासिक क्षण में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। डॉ जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राज्य आगमन हमारे लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। इस आनंदमय अवसर का जश्न मनाना और सिक्किम की शक्ति तथा संस्कृति को प्रदर्शित करना हमारा सामूहिक कर्तव्य है।
इस दौरान, प्रदेश भाजपा ने सभी प्रोटोकॉल और कार्यक्रमों के सुचारू निष्पादन को सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार के साथ पूर्ण सहयोग का संकल्प लिया। पार्टी ने दो दिवसीय यात्रा के दौरान आतिथ्य और संगठन के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए प्रशासनिक निकायों के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता भी दोहरायी।
No Comments: