गंगटोक : सिक्किम में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में पहल करते हुए राज्य कौशल विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री स्किलिंग एंड एम्प्लॉयबिलिटी ट्रांसफॉर्मेशन थ्रू अपग्रेडेड आईटीआईज (पीएम-सेतु) योजना के अंतर्गत रंगपो आईटीआई क्लस्टर के विकास के लिए उद्योग प्रतिनिधियों के साथ परामर्श बैठक आयोजित की।
कौशल विकास सचिव तुषार निखारे की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रमुख उद्योगों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, विभाग और सरकारी आईटीआई के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य आईटीआई के उन्नयन में उद्योगों की भागीदारी बढ़ाना, प्रशिक्षण को बदलती कार्यबल आवश्यकताओं से जोडऩा और युवाओं के लिए रोजगार, इंटर्नशिप तथा प्लेसमेंट के अवसर बेहतर बनाना था।
विभाग राज्य में केंद्र सरकार की पीएम-सेतु योजना के प्रथम घटक को लागू कर रहा है। इसके तहत चिन्हित आईटीआई क्लस्टर के आधुनिकीकरण, संचालन और प्रबंधन के लिए एक प्रमुख उद्योग भागीदार यानी एंकर इंडस्ट्री पार्टनर (एआईपी) का चयन किया जाएगा। यह भागीदार सरकार के साथ मिलकर विशेष प्रयोजन निकाय (एसपीवी) के माध्यम से काम करेगा। चयन के लिए विभाग ने दो सितंबर, 2026 को प्रस्ताव आमंत्रण दस्तावेज (आरएफपी) जारी किया था।
बैठक में विभाग के विशेष सचिव सह निदेशक सामदुप भूटिया ने योजना के उद्देश्यों, प्रस्तावित उद्योग-आधारित संचालन मॉडल और आरएफपी के प्रमुख प्रावधानों पर प्रस्तुति दी। इस दौरान उद्योग प्रतिनिधियों के सवालों का भी समाधान किया गया।
विभाग ने उद्योगों से आगामी संभावित रिक्तियों, इंटर्नशिप के अवसरों और क्षेत्रवार प्रशिक्षण आवश्यकताओं की जानकारी साझा करने का आग्रह किया। साथ ही सिक्किम इंस्पायर्स के तहत किए जा रहे कौशल-अंतर आकलन के लिए सुझाव मांगे गए, ताकि प्रशिक्षण और उद्योगों की वास्तविक जरूरतों के बीच की दूरी कम की जा सके। भर्ती और प्लेसमेंट में सहयोग के लिए विभाग उद्योगों को प्रशिक्षित अभ्यर्थियों का डेटाबेस उपलब्ध कराएगा।
परामर्श के दौरान सरकारी रंगपो आईटीआई के अधूरे भवन को समर्पित फार्मास्यूटिकल प्रशिक्षण संस्थान के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। विभाग ने दवा उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों को इस प्रस्ताव की व्यवहार्यता पर विचार करने के लिए आमंत्रित किया।
बैठक में रेलटेल, अल्केम लेबोरेटरीज, ग्लेनमार्क फार्मास्यूटिकल्स, सन फार्मा, सिक्किम ऊर्जा लिमिटेड, एनएचपीसी, सिप्ला, टोरेंट फार्मास्यूटिकल्स, मैकलियोड्स फार्मास्यूटिकल्स और मेधावी स्किल्स यूनिवर्सिटी सहित अन्य हितधारकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सचिव तुषार निखारे ने उद्योग भागीदारों को 23 से 28 नवम्बर, 2026 तक आयोजित होने वाले सरकारी रंगपो आईटीआई के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
No Comments: