ऑर्गेनिक से वैश्विक प्रीमियम ब्रांड बनने की ओर बढ़ेगा सिक्किम : ज्योतिरादित्य सिंधिया

'सिक्किम आकांक्षा और मौलिकता का प्रतीक'

गंगटोक : सिक्किम की राजधानी गंगटोक में शनिवार को 51वें राज्य स्थापना दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भाग लेते हुए सिक्किम के सतत, आधुनिक और भविष्य उन्मुख विकास के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

समारोह में भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर तथा मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय की ओर से 223 करोड़ रुपये की 21 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया। समारोह को नेपाली भाषा में संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने सिक्किम को संतुलित विकास का आदर्श मॉडल बताया, जहां विकास प्रकृति, संस्कृति और पहचान के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सिक्किम सतत विकास, जैविक खेती, पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण का राष्ट्रीय उदाहरण बन चुका है।

इस अवसर पर एनईएसआईडीएस रोड्स योजना के तहत 45 करोड़ रुपये से अधिक की रणनीतिक संपर्क परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया। इनमें राष्ट्रीय राजमार्ग-10 को आईबीपी रोड से जोड़ने वाले पुल निर्माण कार्य, पाकिम जिले में रोंगरोंग नदी पर संपर्क मार्ग तथा नामची जिले में रंगपो खोला पर संपर्क परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा गेजिंग जिले में 15.8 किलोमीटर लंबे रिम्बी खोला-योक्सम सड़क के सुधार एवं कालीकरण कार्य का शिलान्यास भी किया गया। 24.52 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से क्षेत्रीय संपर्क और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मिशन सिक्किम ऑर्गेनिक्स ऐज सिक्किम यूएसपी का शुभारंभ रहा। लगभग 360 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली यह महत्वाकांक्षी योजना सिक्किम को केवल प्रमाणित जैविक उत्पादक राज्य से आगे बढ़ाकर वैश्विक प्रीमियम ऑर्गेनिक अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करने की दिशा में कार्य करेगी। यह मिशन एमडोनर, सिक्किम सरकार, एपीडा, नाबार्ड, नेरामैक, एसआईओएल, किसान उत्पादक संगठनों, सहकारी समितियों तथा निजी क्षेत्र के सहयोग से संचालित होगा। योजना से राज्य के 66 हजार से अधिक किसान परिवारों को लाभ मिलने की संभावना है। मिशन के अंतर्गत प्रमाणन प्रणाली, प्रसंस्करण, ब्रांडिंग, निर्यात बाजार से जुड़ाव तथा संस्थागत मूल्य श्रृंखला को मजबूत किया जाएगा। इससे किसानों की आय में वृद्धि तथा फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान में कमी लाने का लक्ष्य रखा गया है। बड़ी इलायची और अदरक जैसी प्रमुख फसलों के मूल्य संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

सोनेक योजना के तहत नामथांग बाजार जलापूर्ति योजना का विस्तार, सरकारी डिग्री कॉलेज रेनॉक में बहुउद्देश्यीय भवन निर्माण, बांस औद्योगिक पार्क एवं सांस्कृतिक शिल्प केंद्र की स्थापना, बर्तुक सरकारी डिग्री कॉलेज में शैक्षणिक भवन, नामची के कामरांग सरकारी डिग्री कॉलेज में विज्ञान भवन, बर्तुक हेलीपोर्ट का आधुनिकीकरण तथा यांगगांग के अपर धापर में यात्री रोपवे परियोजना के लिए पर्यटन अवसंरचना सुविधाओं के विकास जैसी परियोजनाएं भी शामिल हैं।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि भारत सरकार, सिक्किम सरकार तथा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के सहयोग से एनएच-10 के वैकल्पिक मार्ग के विकास पर सक्रिय रूप से कार्य कर रही है, ताकि राज्य को हर मौसम में सुरक्षित और निर्बाध संपर्क सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि आज सिक्किम देश में सर्वाधिक प्रति व्यक्ति आय वाले राज्यों में शामिल है और सतत एवं जैविक विकास के क्षेत्र में राष्ट्रीय मानक स्थापित कर चुका है।

सिक्किम के 51वें राज्य स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सिक्किम आकांक्षा और मौलिकता के अद्भुत सामंजस्य का प्रतीक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एमडोनर द्वारा संचालित प्रत्येक पहल राज्य के लोगों के कल्याण और विकास को केंद्र में रखकर आगे बढ़ाई जाएगी।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics