पीके रोजी फिल्मोत्सव में ‘सर्वश्रेष्ठ फिक्शन फिल्म’ बनी ‘शेप ऑफ मोमो’

गंगटोक : सिक्किम की फिल्म निर्माता त्रिवेणी राई की पहली फीचर फिल्म ‘शेप ऑफ मोमो’ को चेन्नई में आयोजित 5वें पीके रोजी फिल्मोत्सव में ‘सर्वश्रेष्ठ फिक्शन फिल्म’ का पुरस्कार मिला है। बीते 12 अप्रैल को फिल्मोत्सव के समापन समारोह में इसकी घोषणा की गई।

यह सम्मान मिलने के बाद त्रिवेणी राई ने कहा, हमारी टीम को यह पुरस्कार पाकर बहुत खुशी और गर्व महसूस हो रहा है, खासकर इसलिए क्योंकि यह फिल्म उत्सव जिन मूल्यों का प्रतिनिधित्व करता है, वे हमारे लिए बहुत मायने रखते हैं। पीके रोजी फिल्म उत्सव एक ऐसा महत्वपूर्ण मंच है जो दलितों और हाशिए पर पड़े लोगों की आवाज को बुलंद करता है और यहां सम्मानित होना हमारे लिए बहुत बड़ी बात है।

उल्लेखनीय है कि मलयालम फिल्म में काम करने वाली पहली दलित अभिनेत्री पीके रोजी के नाम पर फिल्म निर्माता पा रंजीत ने इस फिल्म उत्सव की शुरुआत की। वह अपने चेन्नई स्थित ‘नीलम कल्चरल सेंटर’ के जरिए इसका आयोजन करते हैं। हर साल अप्रैल में दलित संस्कृति और इतिहास पर महीने भर चलने वाले ‘वानम’ उत्सव के हिस्से के तौर पर यह फिल्म उत्सव आयोजित किया जाता है।

अब अपने पांचवें संस्करण में, यह फिल्म उत्सव भारत में उन स्वतंत्र फिल्मों के लिए सबसे महत्वपूर्ण मंचों में से एक बन गया है, जो अक्सर नजरअंदाज किये जाने वाले समुदायों की आवाज बनती हैं।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics