सोरेंग : जिले के मलबासे स्थित डॉन बॉस्को स्कूल में शनिवार को पहली क्षेत्रीय अंतर-विद्यालय बास्केटबॉल चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, उभरती खेल प्रतिभाओं को पहचानना तथा विभिन्न स्कूलों और क्षेत्रों के विद्यार्थियों के बीच आपसी सहयोग एवं सौहार्द को मजबूत करना है।
प्रतियोगिता का उद्घाटन सोरेंग-च्याखुंग के विधायक आदित्य गोले ने मशाल प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर खिलाडिय़ों और प्रतियोगिता से जुड़े अधिकारियों को खेल भावना, अनुशासन एवं निष्पक्ष मुकाबले की शपथ दिलाई गई। साथ ही विधायक बास्केटबॉल चैंपियनशिप शील्ड का भी अनावरण किया गया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक आदित्य गोले ने कहा कि इस तरह की पहल युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच प्रदान करती है। उन्होंने बास्केटबॉल एसोसिएशन ऑफ सिक्किम तथा इसमें सहयोग करने वाले सभी शैक्षणिक संस्थानों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने खिलाडि़यों को अनुशासन, निष्पक्ष खेल और खेल भावना का महत्व समझाते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपने स्कूल और क्षेत्र की सीमाओं से बाहर निकलकर दूसरे संस्थानों के खिलाडि़यों से जुड़ने, विचारों का आदान-प्रदान करने और आपसी संबंध मजबूत करने का अवसर देती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में यह प्रतियोगिता और व्यापक रूप लेगी तथा इसमें विभिन्न क्षेत्रों के अधिक स्कूलों की भागीदारी होगी। विधायक ने आयोजन में सहयोग के लिए जिला प्रशासन, डॉन बॉस्को स्कूल मालबसे और पूरी आयोजन समिति के प्रति आभार जताया।
इससे पहले, स्वागत भाषण में सोरेंग के एडीएम डीआर बिष्ट ने अतिथियों, खिलाडि़यों और विभिन्न स्कूलों से आए प्रतिनिधियों का स्वागत किया। उन्होंने जिले में पहली बार आयोजित इस क्षेत्रीय स्तर की अंतर-विद्यालय बास्केटबॉल प्रतियोगिता को महत्वपूर्ण पहल बताते हुए इसे प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि इससे युवा खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल के क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए निरंतर अवसर मिल सकेगा। इस मौके पर राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई गई।
वहीं, डॉन बॉस्को एलुमनी एसोसिएशन के अध्यक्ष सह एमईओ सोरेंग रोशन शर्मा ने प्रतियोगिता के आयोजन के पीछे की सोच और उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस पहल का मकसद नई खेल प्रतिभाओं को पहचानना, युवा खिलाडिय़ों को अवसर उपलब्ध कराना तथा उनमें अनुशासन, खेल भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में विभिन्न संस्थानों और सहयोगियों की भूमिका की भी सराहना की।
प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका, दोनों वर्गों के मुकाबले खेले जा रहे हैं। इसके लिए दो बास्केटबॉल कोर्ट तैयार किए गए हैं। इसमें सिक्किम के अलावा पड़ोसी क्षेत्रों के स्कूलों की टीमें भी हिस्सा ले रही हैं। कुल 20 शिक्षण संस्थानों की भागीदारी इस आयोजन को क्षेत्रीय स्तर पर विशेष महत्व प्रदान कर रही है।
प्रतियोगिता में डॉन बॉस्को स्कूल मलबासे, सिलीगुड़ी, कालिम्पोंग, मिरिक और कोलकाता, ग्रीनले अकादमी गंगटोक, नॉर्थ प्वाइंट स्कूल दार्जिलिंग, गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल ताशीडिंग एवं मंगन, सेंट जॉर्ज स्कूल सिलीगुड़ी, श्री श्री अकादमी सिलीगुड़ी, दिल्ली पब्लिक स्कूल सिलीगुड़ी, नामची पब्लिक स्कूल, सेंट ऑगस्टीन स्कूल कालिम्पोंग, सेंट जेवियर्स स्कूल पाकिम, ईएमआरएस गंग्याप, पीएम श्री गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सोरेंग, पीएनजी गंगटोक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय लाबिंग और क्यांगसा बालिका विद्यालय गेजिंग की टीमें शामिल हैं।
उद्घाटन समारोह में आईटी एवं आईपीआर अध्यक्ष एसबी सुब्बा, बागवानी अध्यक्ष सीके राणा, एडीसी (विकास) ओंगदी शेरपा, एसडीएम (मुख्यालय) प्रेम के सुब्बा, सोरेंग एसडीएम साकचुम लेप्चा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, विभागाध्यक्ष, बीडीओ, एचओओ और ओएसडी उपस्थित रहे। डॉन बॉस्को स्कूल मालबसे के प्राचार्य फादर फ्लोरेंस डेम्टा, विभिन्न स्कूलों के प्रतिनिधि, शिक्षक, खिलाड़ी, विद्यार्थी, स्वयंसेवक और खेल समर्थक भी समारोह में शामिल हुए।
No Comments: