संचमान लिम्बू गवर्नमेंट कॉलेज का वार्षिकोत्सव संपन्न

गेजिंग : संचमान लिम्बू गवर्नमेंट कॉलेज (एसएमएलजीसी), आरिगांव में आयोजित वार्षिक उत्सव-2026 “यूडेमोनिया” का भव्य समापन गुरुवार को हुआ। समापन समारोह में भवन एवं आवास तथा श्रम विभाग के मंत्री भीम हांग लिंबू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कॉलेज पहुंचने पर प्राचार्य डॉ भक्त बहादुर कुंवर और छात्र प्रतिनिधि परिषद के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद सांस्कृतिक सचिव सुश्मिता लिम्बू ने स्वागत भाषण दिया। इस अवसर पर लिम्बू और नेपाली विभाग के बीच ‘राजनीति में जेन-ज़ी की भूमिका’ विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में दोनों पक्षों के प्रतिभागियों ने अपने-अपने तर्क प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

प्राचार्य डॉ कुंवर ने अपने संबोधन में कॉलेज की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों की जानकारी दी। वहीं मुख्य अतिथि ने छात्र प्रतिनिधि परिषद की सराहना करते हुए कहा कि “यूडेमोनिया” जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्रों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

मंत्री ने मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग की शिक्षा क्षेत्र में प्रतिबद्धता की भी सराहना करते हुए कहा कि विभिन्न योजनाओं का लाभ छात्रों को मिल रहा है। कार्यक्रम में भूगोल, लिम्बू, भूटिया, शेरपा, राई, लेप्‍चा और राजनीति विज्ञान विभागों के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इस दौरान कॉलेज ने पूर्व प्राचार्य डॉ वाईपी नेपाल सहित कई शिक्षकों एवं कर्मचारियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया।

समारोह में विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics