नामची : पीएम श्री गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नामची का 47वां स्थापना दिवस आज हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में 11 नामची-सिंगिथांग की पूर्व विधायक कृष्णा कुमारी राई मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
विद्यालय द्वारा उन्हें संस्थान और छात्र-छात्राओं के विकास में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा स्थापना दिवस बैनर के अनावरण से हुई। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यालय को 47 वर्षों की उपलब्धियों के लिए बधाई दी और एक पूर्व छात्रा के रूप में गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस संस्थान ने उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इससे उनके स्कूल के दिनों की यादें ताजा हो गईं।
उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक का जिम्मेदारी से उपयोग करने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की सलाह दी। साथ ही आत्मविश्वास के महत्व पर जोर देते हुए उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्राओं से ‘नारी शक्ति’ और ‘नारी सक्षम’ बनने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि ने शिक्षा और युवा विकास के लिए राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए एमबीबीएस छात्रों के लिए आर्थिक सहायता, नेट अभ्यर्थियों के लिए सहयोग, फार्मेसी और नर्सिंग में दिव्यांगों के लिए 5 प्रतिशत आरक्षण तथा मुख्यमंत्री विवेकाधीन अनुदान (सीएमडीजी) का उल्लेख किया।
उच्च शिक्षा के अवसरों पर उन्होंने सिक्किम अल्पाइन युनिवर्सिटी, सिक्किम इंटरनेशनल युनिवर्सिटी, मेधावी स्किल युनिवर्सिटी और सिक्किम स्किल युनिवर्सिटी जैसी संस्थाओं का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि दो छात्रों को प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में मास्टर्स करने के लिए 50 लाख रुपये तक की सहायता दी जाती है। इस अवसर पर कक्षा 10 सीबीएसई 2026 की टॉपर बनश्री राय (90.8प्रतिशत) को ‘प्रिसिला भूटिया मेधावी पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की उपलब्धियों पर आधारित प्रस्तुति भी दी गई, जिसमें शैक्षणिक उत्कृष्टता, सोलर पैनल, पेयजल सुविधा और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का विस्तार शामिल रहा। विद्यालय को वर्ष 2025 का सबसे स्वच्छ स्कूल भी घोषित किया गया था। प्राचार्य बंदना राई ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की यात्रा को समर्पण और परिश्रम का परिणाम बताया। उन्होंने विद्यालय के विकास के लिए सामुदायिक सहयोग की सराहना की और बाउंड्री वॉल, सभा स्थल विस्तार तथा खेल मैदान तक सड़क निर्माण जैसी मांगें रखीं।
कार्यक्रम में ‘मनोदर्पण’ विषय पर मानसिक स्वास्थ्य जागरुकता से जुड़ा नाटक भी प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
No Comments: